![]() |
| एआई जनरेटेड सांकेतिक इमेज |
जिला बिजनौर मे सड़क यातयात को सुरक्षित बनाने व दुर्घटनाओ पर प्रभावी नियंत्रण करने के उद्देश्य को दृष्टिगत रखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत बार बार यातायात नियमो का उल्लंघन करने वाले, शराब पीकर वाहन चलाने वाले और लापरवाह वाहन चालको के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया जा रहा है। यातायात पुलिस द्वारा ऐसे वाहन चालको के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किये जाने की संस्तुति परिवहन विभाग को भेजी गयी है।
यातायात पुलिस प्रभारी रवि नैन ने बताया कि आज सोमवार को कुल 54 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किये जाने की रिपोर्ट परिवहन विभाग को भेजी गयी है। इनमे 46 मामले बिना हेलमेट लगाए दो पहिया वाहन चलाने, 7 मामले शराब पीकर वाहन चलाने तथा एक मामला खतरनाक ढंग से वाहन चलाने का शामिल है। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा किसी भी स्थिति में शराब पीकर वाहन न चलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर केवल आर्थिक दंड ही नहीं लगाया जाएगा, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन और वाहन पंजीकरण के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जनसहयोग भी उतना ही आवश्यक है, इसलिए सभी वाहन चालक जिम्मेदारी के साथ नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

