पीलीभीत/उत्तर प्रदेश - मेडिकल कॉलेज परिसर मे हुई छात्रा की हत्या से मचा हड़कंप, पैरामेडिकल छात्र ने किये चाकू के ताबड़तोड़ वार, आरोपी गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, जुलाई 14, 2026

पीलीभीत/उत्तर प्रदेश - मेडिकल कॉलेज परिसर मे हुई छात्रा की हत्या से मचा हड़कंप, पैरामेडिकल छात्र ने किये चाकू के ताबड़तोड़ वार, आरोपी गिरफ्तार

newsindia17.com/pilibhit-medical-college-chatra-hatya-paramedical-chhatra-chaku-hamla-aaropi-giraftar

आज मंगलवार की सुबह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। यहाँ एक पैरामेडिकल छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को उपचार के लिए बरेली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हमले के दौरान छात्रा को बचाने के लिए आगे आई एक महिला कर्मचारी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार कशिश पटेल आयु 20 वर्ष निवासी बरेली, पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन टेक्नोलॉजी की छात्रा थी। आज मंगलवार सुबह वह कॉलेज के सीटी स्कैन रूम में प्रशिक्षण कार्य में व्यस्त थीं। इसी दौरान कानपुर निवासी एक्स-रे टेक्नीशियन कोर्स का छात्र सागर आयु 19 वर्ष वहां पहुंचा।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सागर और कशिश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके कुछ ही क्षण बाद सागर ने अपने बैग से चाकू निकालकर छात्रा पर हमला कर दिया। हमले से घबराई छात्रा जान बचाने के लिए भागी, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा करते हुए लगातार कई वार किए। घटना के दौरान सीटी स्कैन विभाग की कर्मचारी निधि छात्रा को बचाने के लिए आगे आईं और आरोपी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावर ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।


इस सनसनीखेज वारदात के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। मरीज, तीमारदार और कॉलेज स्टाफ घटना से स्तब्ध रह गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र पहले से हमले की तैयारी करके आया था। बताया जा रहा है कि वह अपने बैग में करीब 12 इंच लंबा चाकू छिपाकर लाया था।


घटना को अंजाम देने के बाद मौके से भागने का प्रयास कर रहे आरोपी छात्र को मेडिकल कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना में घायल हुई छात्रा व महिला कर्मचारी को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर में बरेली स्थित एसआरएमएस अस्पताल रेफर किया गया। दोपहर करीब दो बजे उपचार के दौरान छात्रा कशिश पटेल ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल कर्मचारी का उपचार जारी है।


घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के पैरामेडिकल छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला। छात्रों ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन भी किया। पुलिस की शुरुआती जांच में छात्रा और आरोपी छात्र के बीच पहले से परिचय और कथित प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार करते हुए कहा है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी और मृतका के बीच संबंधों, विवाद के कारणों और घटना से पहले की परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों को अदालत के समक्ष मजबूत साक्ष्यों के साथ प्रस्तुत किया जा सके।

free counter
अभी तक पाठक संख्या