रामपुर/उत्तर प्रदेश - पारिवारिक विवाद के चलते विधवा ने किया जान देने का प्रयास, जिला अस्पताल मे उपचार जारी  - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जुलाई 13, 2026

रामपुर/उत्तर प्रदेश - पारिवारिक विवाद के चलते विधवा ने किया जान देने का प्रयास, जिला अस्पताल मे उपचार जारी 

newsindia17.com/rampur-widow-attempts-suicide-after-family-dispute-under-treatment-in-district-hospital

उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर से पारिवारिक विवाद के चलते एक 35 वर्षीय विधवा द्वारा कीटनाशक पदार्थ खाकर आत्महत्या के प्रयास का मामला प्रकाश मे आया है। ये घटना आज सोमवार की सुबह 8 बजे की बताई जा रही है। महिला को गंभीर हालत मे जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। जहाँ उसका उपचार जारी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला हजरतपुर निवासी पूजा आयु 35 वर्ष की शादी करीब 13 वर्ष पूर्व हुई थी। वह अपने पति के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर रही थी। इस वैवाहिक जीवन के दौरान पूजा के 2 बच्चे भी हुए। गत 7 माह पूर्व हुई पति की मौत के बाद पूजा के परिवार की परिस्तिथियाँ अचानक ही बदल गयी और पारिवारिक मतभेद सामने आने लगे।


पूजा के ससुर का कहना है कि पति की मृत्यु के बाद उसका एक विवाहित युवक से संपर्क हो गया था और उसके साथ जाना चाह रही थी। उनका कहना है कि पूजा दोनों बच्चों को भी अपने साथ ले जाना चाहती थी, जबकि उन्होंने बच्चों की जिम्मेदारी स्वयं उठाने की बात कही थी। ससुर का दावा है कि बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और भविष्य की व्यवस्था करने में वह सक्षम हैं और इसी बात को लेकर परिवार में विवाद बढ़ गया।


दूसरी ओर, जिला अस्पताल में उपचाराधीन महिला ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। पूजा का कहना है कि पति के निधन के बाद वह गहरे मानसिक तनाव और अकेलेपन से गुजर रही थी। उसने आरोप लगाया कि ससुर उस पर लगातार संदेह करते थे और उसके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी।


दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच घटना के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या