अमरोहा/उत्तर प्रदेश - महिला अधिवक्ता के साथ हुई अभद्रता व मारपीट के मामले मे मुकदमा दर्ज, महिला आयोग के आदेश पर हुई कार्रवाई - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जुलाई 13, 2026

अमरोहा/उत्तर प्रदेश - महिला अधिवक्ता के साथ हुई अभद्रता व मारपीट के मामले मे मुकदमा दर्ज, महिला आयोग के आदेश पर हुई कार्रवाई

https://newsindia17.com/amroha-woman-advocate-assault-case-fir-registered-on-women-commission-order
एआई जनरेटेड सांकेतिक चित्र 

अमरोहा जिला न्यायालय परिसर में महिला अधिवक्ता के साथ हुई कथित अभद्रता, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में देहात थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने ये कार्रवाई महिला आयोग के निर्देश पर की  है। इस प्रकरण में 4 नामजद अधिवक्ताओं समेत कुल 6 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।


पीड़ित महिला ने बताया कि वह अमरोहा नगर के एक मौहल्ले की निवासी है तथा जिला एवं सत्र न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत है। महिला अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि गत 21 जनवरी 2026 की शाम करीब 4:30 बजे न्यायालय परिसर में उनके साथ यह घटना हुई। उनका कहना है कि उनका अपने अधिवक्ता भाई से पारिवारिक विवाद चल रहा है और इसी विवाद के चलते उनके साथ यह घटना कराई गई।


शिकायत के अनुसार महिला अधिवक्ता को न्यायालय परिसर में कुछ लोगों ने रोक लिया और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा उनका दुपट्टा खींचकर उन्हें जबरन एक चैंबर की ओर ले जाने का प्रयास किया गया। इस दौरान उन्होंने शोर मचाया जिसके बाद मौके पर पहुंचे पूर्व बार अध्यक्ष कृपाल सिंह यादव ने हस्तक्षेप करते हुए उन्हें आरोपियों से बचाया।


महिला अधिवक्ता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के संबंध में स्थानीय पुलिस से शिकायत करने के बावजूद तत्काल कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गयी थी। जिसके बाद उन्होंने राज्य महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि गत 16 फरवरी 2026 को उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं तथा उनकी कुछ तस्वीरें प्रसारित कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।


महिला आयोग के निर्देश के बाद अमरोहा देहात थाना पुलिस ने मुजाहिद हुसैन, मनु शर्मा, राजीव कुमार गोले और नदीम खुसरो को नामजद करते हुए दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि महिला आयोग के आदेश के अनुपालन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या