जिला रामपुर के केमरी थाना क्षेत्र स्थित ससुराल आये एक युवक ने अपनी सास पर खाने मे विषाक्त पदार्थ मिलाकर खिलाये जाने का आरोप लगाया है। युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। दूसरी ओर युवक की पत्नी ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए पति पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोयला गांव निवासी मनोज की शादी 15 जून 2020 को थाना कैमरी क्षेत्र के सिमलिया गांव निवासी युवती से हुई थी। वर्तमान मे दंपति का एक बच्चा है, जबकि पत्नी दूसरी संतान से गर्भवती बताई जा रही है। मनोज राजमिस्त्री के साथ मजदूरी का काम करता है।
मनोज का आरोप है कि उसकी पत्नी पिछले काफी समय से मायके में रह रही थी। गुरुवार सुबह वह पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसकी सास ने खाने मे जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे खिला दिया। खाना खाने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती युवक ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी सास के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उसने पूरे मामले की शिकायत थाना भोट पुलिस से भी की है।
दूसरी ओर युवक की पत्नी ने पति के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पत्नी का कहना है कि उसकी मां ने खाने में कोई जहरीला पदार्थ नहीं मिलाया। उसने आरोप लगाया कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता है, जिसके चलते वह मायके में रहने को मजबूर है। पत्नी का दावा है कि मनोज ने स्वयं ही कोई जहरीला पदार्थ खाया है और अब उसकी मां को झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रहा है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा चिकित्सकीय रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

