उत्तर प्रदेश के जिला बरेली निवासी एक महिला आयु 35 वर्ष ने उत्तर प्रदेश पुलिस के 58 वर्षीय दरोगा पर शादी करने और नौकरी लगवाने का झांसा देकर शारीरिक सम्बन्ध बनाने, गर्भपात कराने और लाखो रूपये कीमत के जेवर ठग लिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। एसएसपी से की गयी शिकायत के साथ पीड़िता ने कुछ फोटो व वीडियो भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराये है। एसएसपी ने पीड़िता द्वारा की गयी शिकायत का संज्ञान लेते हुए आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के साथ ही विभागीय जाँच के आदेश दिए है।
पीड़ित महिला ने एसएसपी से की गयी शिकायत मे बताया कि वह वर्ष 2025 मे अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत करने थाने गयी थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात उक्त दरोगा से हुई थी। महिला का कहना है कि मामले की जाँच के दौरान दरोगा ने उसे न्याय दिलाने व हर सम्भव मदद करने का आश्वासन दिया। इसी मामले की जाँच के दौरान दोनों के बीच बातचीत होने लगी। महिला के अनुसार दरोगा ने उससे नौकरी लगवाने का वादा भी किया। दरोगा ने कहा कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उसी के साथ शादी कर लेगा। आरोप है कि नौकरी लगवाने और शादी करने का झांसा देकर दरोगा ने उसके साथ कई बार शारीरिक सम्बन्ध बनाये। आरोप है कि इसी सबके चलते वर्ष 2026 मे महिला गर्भवती हो गयी। जिसके बाद आरोपी दरोगा ने उसका गर्भपात करा दिया।
पीड़िता का कहना है कि वह अनाथ है और सहारे की तलाश में थी, इसलिए उसने दरोगा पर भरोसा कर लिया। आरोप है कि पिछले वर्ष करवा चौथ के बाद से आरोपी उसके साथ किराये के मकान में रहने लगा था और दोनों करीब एक वर्ष तक पति -पत्नी की तरह साथ रहे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि फरवरी 2026 में दरोगा ने बेटे की शादी का हवाला देकर उससे करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर ले लिए। महिला का कहना है कि जब उसने दरोगा पर शादी कर पत्नी का अधिकार देने का दबाब बनाया और अपने जेवर वापस मांगे वह टालमटोल करने लगा और उसे छोड़कर अपने परिवार के पास वापस चला गया।
शिकायत के बाद महिला ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए और कथित तौर पर फोटो व वीडियो समेत अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी दरोगा मुरादाबाद जनपद का निवासी हैं और बरेली के विभिन्न थानों में तैनात रह चुके हैं। उनके परिवार में पत्नी, बेटे और बेटी हैं। फिलहाल पुलिस विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

