चाँदपुर/जिला बिजनौर - पुलिस ने किया मोबाइल लूट की दो बड़ी घटनाओ का खुलासा, मोबाइल स्नैचर गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, अगस्त 29, 2026

चाँदपुर/जिला बिजनौर - पुलिस ने किया मोबाइल लूट की दो बड़ी घटनाओ का खुलासा, मोबाइल स्नैचर गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार

chandpur-bijnor-police-mobile-loot-two-major-incidents-one-mobile-snatcher-arrested

जिला बिजनौर की चाँदपुर थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर क्षेत्र मे हुई मोबाइल लूट की दो घटनाओ का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपी के कब्जे से छीना गया सैमसंग गैलेक्सी एस-21 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई आर-15 मोटरसाइकिल पंजीकरण संख्ता (UP20 BD 0273) बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार चाँदपुर कोतवाली मे मोबाइल लूट का पहला मामला 27 अगस्त 2026 को दर्ज कराया गया था। ये मुकदमा दर्ज कराने वाले सम्भल के रायसत्ती क्षेत्र निवासी मोहम्मद जैद ने बताया था कि मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनका सैमसंग गैलेक्सी एस-21 मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 504/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद 29 अगस्त 2026 को जलालपुर गांव निवासी सुंदरपाल ने भी मोबाइल फोन छीनने की शिकायत पुलिस से की। उनके अनुसार, मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 509/26 दर्ज किया।


उक्त दो घटनाओ के सामने आने के बाद पुलिस ने मामलो को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चांदपुर के मोहल्ला संतनगर निवासी हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सैमसंग गैलेक्सी एस-21 मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त आर-15 मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपी की पहचान डम्मलपुरी निवासी हिमांशु पुत्र आंसु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हिमांशु ने अपने साथी गौतम पुत्र कल्ला के साथ मिलकर मोबाइल छीनने की घटनाओं को अंजाम दिया था। गौतम अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस पूछताछ में हिमांशु ने बताया कि वह अपने साथी गौतम के साथ आर-15 मोटरसाइकिल से इलाके में घूमता था और ऐसे लोगों को निशाना बनाता था, जो सड़क पर पैदल चलते या किसी वाहन में बैठकर मोबाइल फोन पर बात कर रहे होते थे।


आरोपी के मुताबिक, 26 अगस्त की शाम करीब सात बजे दोनों मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने प्लाईवुड कंपनी से बाहर निकल रहे एक व्यक्ति को मोबाइल पर बात करते देखा। मौका मिलते ही दोनों ने उसका फोन छीन लिया और अम्हेड़ा की ओर फरार हो गए। हिमांशु ने यह भी बताया कि करीब एक घंटे बाद दोनों दत्तियाना रोड की तरफ पहुंचे। सैंदवार से पहले उन्हें ई-रिक्शा में बैठा एक व्यक्ति मोबाइल पर बात करता दिखाई दिया। आरोप है कि दोनों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया और मौके से भाग निकले।


पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल छीनना आसान लगा। इसी का लाभ उठाते हुए दोनों आरोपियों ने वारदातों को अंजाम दिया।पुलिस ने गिरफ्तार हिमांशु के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार आरोपी गौतम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस दूसरे मामले में छीने गए वीवो मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास भी कर रही है।

counter
अभी तक पाठक संख्या