जिला बिजनौर के नांगल सोती थाना क्षेत्र से पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद पति द्वारा बीच सड़क पर अपनी बाइक जला दिए जाने का मामला प्रकाश मे आया है। सोशल मिडिया पर वायरल हुए इस घटना के वीडियो के द्वारा जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस वायरल वीडियो का सच और घटना के पीछे का कारण जानने का प्रयास कर रही है।
उक्त घटना आज शुक्रवार की शाम लगभग साढ़े 4 बजे थाना क्षेत्र के गाँव दहीरपुर के पंचायत घर के पास स्थित कब्रिस्तान के सामने की बताई जा रही है। बताया गया कि ग्राम जटपुरा निवासी बबलू सैनी अपनी पत्नी और बच्चो के साथ अपाचे बाइक द्वारा कोट स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते मे ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी और विवाद का रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि बबलू ने अचानक ही बाइक को सड़क किनारे रोका और आग लगा दी। कुछ ही पलो मे आग फ़ैल गयी और बबलू की अपाचे बाइक को पूरी तरह चपेट मे ले लिया। कुछ देर तक बाइक धूं धूं कर जलती रही और राख के ढेर मे तब्दील हो गयी।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। वायरल वीडियो में सड़क किनारे जलती हुई बाइक दिखाई दे रही है। वीडियो में एक महिला और दो बच्चे भी नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास कई लोग खड़े दिखाई देते हैं।घटना के दौरान किसी व्यक्ति द्वारा बाइक में लगी आग बुझाने का प्रयास करते हुए नजर नहीं आने की बात भी सामने आई है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से पूछताछ भी की। थाना अध्यक्ष के मुताबिक, पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि बाइक में आग अपने आप लगी थी। पुलिस वायरल वीडियो और मौके से मिली जानकारी के आधार पर घटना की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही बाइक में आग लगने के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

