आज शुक्रवार की दोपहर जिला पीलीभीत के करेली थाना क्षेत्र मे हुए सड़क हादसे मे रक्षाबंधन मनाने जा रहे परिवार की खुशियाँ मातम मे बदल गयी। यहाँ दो बाइको की आमने सामने हुई भिंड़त मे एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि एक महिला व एक बच्चे समेत 4 लोग घायल हुए है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी और राहगीरो की भीड़ जुट गयी। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलो को उपचार हेतु अस्पताल भेजा और शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राम सिंह पुत्र मनीराम, निवासी गाँव लखनापुर, थाना क्षेत्र पुवायां, जिला शाहजहाँपुर अपनी पत्नी ममता देवी और बेटे नागेश को साथ लेकर बाइक द्वारा थाना क्षेत्र करेली के गाँव लीलहर स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। यहाँ ममता देवी को अपने भाइयो की कलाई पर राखी बांधनी थी। बाइक सवार दंपत्ति ख़ुशी ख़ुशी अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। इसी बीच ईंटगांव-बमरौली मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने दंपत्ति की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनो बाइको पर सवार सभी लोग नीचे आ गिरे।
इस दुर्घटना मे गंभीर चोट लगने पर राम सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी ममता देवी और बेटे नागेश को भी गंभीर चोटें आईं। दूसरी बाइक पर सवार लिलहर गांव निवासी विजयपाल, पुत्र द्वारिका प्रसाद) और संतराम, पुत्र विजय वर्मा भी हादसे में घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। सूचना के बाद एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए बिलसंडा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण ममता देवी, नागेश, विजयपाल और संतराम को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर करेली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष विपिन शुक्ला के अनुसार हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और चार लोग घायल हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबंधन जैसे पर्व पर हुए इस दर्दनाक हादसे से लखनापुर और लिलहर गांव में शोक का माहौल है। परिवार में जहां त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहीं हादसे की खबर ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

