जिला रामपुर के मिलक कोतवाली क्षेत्र मे पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान दोनों पक्षो ने एक दूसरे को जमकर पीटा। आरोप है कि इस मारपीट के दौरान बीच बचाव कराने आयी एक गर्भवती महिला के पेट मे भी लात मार दी गयी। इस घटना के बाद से महिला बेहोश होकर मौके पर ही गिर गयी। महिला की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गाँव खगरिया निवासी फईम ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि आज सोमवार को उनका पुत्र अजीम गांव में सामान लेने गया था। आरोप है कि वापस आते समय गांव के ही कुछ लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। इस दौरान अजीम के कपड़े भी फाड़ दिए गए। फईम के मुताबिक अजीम ने घर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद वह आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे, जहां उनके साथ भी कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट की गई।
आरोप है कि कुछ देर बाद चारों आरोपी जबरन फईम के घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान फईम का गला दबाने का भी प्रयास किया गया। इस दौरान अपने पिता को बचाने पहुंची फईम की गर्भवती पुत्री महक भी हमले का शिकार हो गई। आरोप है कि आरोपियों ने उसके पेट में लात मार दी, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। घर में चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल फईम, अजीम और बेहोशी की हालत में महक को मिलक कोतवाली पहुंचाया गया। पुलिस ने सभी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। महक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मिलक संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

