बिजनौर/उत्तर प्रदेश - नागा साधू वेषधारी दो लूटेरे गिरफ्तार, हाईवे पर गाड़ियाँ रूकवाकर देते थे घटना को अंजाम, पुलिस जाँच मे हुए अहम खुलासे....... - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अगस्त 31, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - नागा साधू वेषधारी दो लूटेरे गिरफ्तार, हाईवे पर गाड़ियाँ रूकवाकर देते थे घटना को अंजाम, पुलिस जाँच मे हुए अहम खुलासे.......

bijnor-uttar-pradesh-naga-sadhu-veshdhari-do-lootere-giraftar-highway-par-gadiyan-rukwakar-dete-the-ghatna-ko-anjam-police-janch-me-hue-ahm-khulaase

जिला बिजनौर की नजीबाबाद पुलिस ने हाईवे पर नागा साधु का वेश धारण कर वाहनो को रोकने व भय दिखाकर महिलाओं से सोने के आभूषण लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। नजीबाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूटे गए सोने के जेवरात और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।


आज सोमवार दोपहर हुई प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने उक्त मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गत 28 अगस्त को पौड़ी गढ़वाल निवासी केशव भट्ट अपनी पत्नी के साथ कार से नजीबाबाद-कोटद्वार बायपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे नागा साधु के भेष में खड़े दो लोगों ने इशारा कर उनकी कार रुकवा ली। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले दंपती से पानी मांगा और फिर दो रुपये मांगकर बातचीत का सिलसिला शुरू किया। इसके बाद उन्होंने महिला को डराना शुरू कर दिया। आरोपियों ने दंपत्ति को भस्म करने और जल्द मृत्यु हो जाने का भय दिखाया। घबराई महिला ने अपने मंगलसूत्र, सोने की चेन और अंगूठियां उतारकर उन्हें सौंप दीं।


वारदात के बाद पीड़ित ने नजीबाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस के साथ-साथ पीड़ित की कार में लगे डैश कैमरे की रिकॉर्डिंग भी जांच में अहम साबित हुई। जांच से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने हरिद्वार निवासी जहांगीर पुत्र बाबू नाथ और गुरविंदर पुत्र देवीचंद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चेन, दो अंगूठियां और एक मंगलसूत्र बरामद किया है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पीड़ित से लूटे गए सामान की पूरी बरामदगी कर ली गई है।


पुलिस की शुरुआती जांच में गिरोह की गतिविधियां कई राज्यों तक फैली होने की बात सामने आई है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य नागा साधु का वेश बनाकर हाईवे और अन्य रास्तों पर राहगीरों को रोकते थे। इसके बाद धार्मिक आस्था और डर का सहारा लेकर उन्हें अपने जाल में फंसाया जाता था। पुलिस के अनुसार गिरोह उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। फरवरी में नगीना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। इस मामले में नगीना थाने में मुकदमा दर्ज है। अब पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है।


दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी में भी जुटी है। एसपी ने कहा कि हाईवे पर राहगीरों को निशाना बनाकर की जाने वाली ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की निगरानी और जांच व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या