बरखेड़ा/जिला पीलीभीत - मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप, लाठी डंडो से पीटकर युवक की हत्या, बचाने आयी महिलाओ को भी पीटा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, अगस्त 30, 2026

बरखेड़ा/जिला पीलीभीत - मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप, लाठी डंडो से पीटकर युवक की हत्या, बचाने आयी महिलाओ को भी पीटा

barkheda-pilibhit-minor-dispute-youth-murder-women-assaulted

जिला पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र से मामूली कहासुनी के चलते एक युवक की पीट पीटकर निर्मम हत्या किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। आरोप है कि कुछ लोगो ने 38 वर्षीय ग्रामीण को बाइक से खींचकर पीटा और लाठी डंडो से हमला किया। इस हमले मे गंभीर रूप से घायल हुए युवक की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गयी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


मृतक संजय कुमार उर्फ़ छोटेलाल आयु 28 वर्ष की बहन मंजू देवी ने बताया कि संजय कल शनिवार देर शाम करीब सात बजे बाइक द्वारा पड़ोसी गाँव भूड़ा जाने को घर  से निकले थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर संजय और सिसईया गांव निवासी कन्हई लाल मे किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी थी। आरोप है कि ये कहासुनी बढ़ने पर कन्हई लाल और उसके परिजनों ने संजय को बाइक से नीचे खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उनकी बाइक भी अपने कब्जे में ले ली गई। संजय किसी तरह वहां से अपने घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना बताई। उस समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। इसके बाद परिवार की महिलाएं संजय को साथ लेकर बाइक वापस लेने आरोपियों के घर पहुंचीं।


आरोप है कि महिलाओं को अपने घर के सामने आया देख आरोपी पक्ष भड़क गया। कन्हई लाल उसके पुत्र वीरपाल समेत अन्य लोगों ने संजय को कथित तौर पर जबरन घर के भीतर खींच लिया और लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। इस दौरान संजय को बचाने के लिए आगे आई उसकी भतीजी और परिवार की अन्य महिलाओ के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान दो नाबालिग बच्चियों के घायल होने की भी बात सामने आई है। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह संजय को आरोपियों के घर से बाहर निकाला जा सका।


इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए संजय को परिजन बेहोशी की हालत मे घर लेकर आये। हालत बिगड़ने पर उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद संजय को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद आरोपियों के घरों पर ताला लगा मिला। परिजनों ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


वहीं, ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना देने के बावजूद पुलिस के कथित रूप से देर से पहुंचने को लेकर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पुलिस समय पर पहुंचती तो स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सकता था।


पुलिस की प्रारंभिक जांच में विवाद के पीछे शराब के नशे की बात सामने आने की जानकारी दी गई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मामले में पुलिस टीम जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या