कल रविवार की देर रात नगीना थाना क्षेत्र मे हुई 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद सनसनी फ़ैल गयी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। इस मामले मे ससुराल पक्ष ने महिला की मौत का कारण दौरा पड़ना बताया है जबकि मायके वालों ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया गया कि खुशनुमा आयु 27 वर्ष पुत्री स्व0 अब्दुल वहीद, निवासी मोहल्ला कस्साबान, थाना क्षेत्र मंडावर का निकाह वर्ष 2023 मे जाकिर, निवासी मोहल्ला नूरसराय, नगीना के साथ हुआ था। परिजनो ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते खुशनुमा करीब सात महीने से अपने मायके में रह रही थी। गत 29 अगस्त को ही उसे ससुराल भेजा गया था। इसके अगले दिन यानी 30 अगस्त की रात करीब 10 बजे उसकी हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। दूसरी ओर ससुराल पक्ष का कहना है कि खुशनुमा को दौरे पड़ने की समस्या थी और घटना के समय भी उसे दौरा पड़ा था। इसी के बाद उसकी मौत होने की बात कही गई है।
मृतका के भाई नईम ने ससुराल पक्ष के इस दावे पर सवाल उठाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। नईम का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बहन को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। उनका कहना है कि शादी के दौरान बाइक समेत अन्य सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से कार की मांग की जाती थी। नईम के मुताबिक कार की मांग को लेकर खुशनुमा पर लगातार दबाव बनाया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। नईम का कहना है कि खुशनुमा कई बार मायके वालों को ससुराल में होने वाली कथित प्रताड़ना के बारे में बताती थी।
नईम ने दावा किया कि खुशनुमा को दौरे पड़ने की बात सही नहीं है और उनके पास इससे संबंधित चिकित्सा रिपोर्ट भी मौजूद हैं। मृतका के भाई ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से भी न्याय की गुहार लगाई है।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मायके पक्ष की तहरीर और लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

