आज सोमवार को व्यापारी एकता परिषद युवा मोर्चा के बैनर तले एकत्र हुए व्यापारियो ने लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध मे जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियो ने महंगाई का प्रतीकात्मक पूतला दहन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नगर पालिका चौक पर पूतला दहन करने के बाद व्यापारी पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी जसजीत कौर को सौंपकर महंगाई से राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
इस दौरान व्यापारी नेताओं ने कहा कि बीते कई वर्षों से महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिसका असर सीधे आम जनता के साथ व्यापारियों के कारोबार पर भी पड़ रहा है। घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल, खाद्य पदार्थों और बिजली की बढ़ती लागत ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। संगठन का कहना है कि बढ़ते खर्च के कारण व्यापारियों के सामने भी कई तरह की आर्थिक चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। वहीं रोजमर्रा की जरूरतों की कीमत बढ़ने से आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
व्यापारी एकता परिषद युवा मोर्चा ने जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में सरकार से महंगाई पर तत्काल प्रभाव से नियंत्रण करने की मांग की। संगठन ने गैस सिलेंडर के साथ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी किए जाने की अपील की। इसके अलावा बिजली के बिलों में लगाए जा रहे अतिरिक्त चार्ज और सरचार्ज को कम करने की मांग भी व्यापारियों ने प्रमुखता से उठाई। व्यापारियों ने कहा कि आम जनता और व्यापारी वर्ग को राहत देने के लिए सरकार को ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान संगठन ने महंगाई के खिलाफ आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकेत देते हुए बाजार बंद का आह्वान भी किया। पदाधिकारियों ने व्यापारियों से आंदोलन में सहयोग करने और संगठन की मांगों के समर्थन में एकजुट होने की अपील की। प्रदर्शन और पैदल मार्च में युवा जिला अध्यक्ष विजय मोहन गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष राहुल वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष शमशाद अंसारी समेत संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि महंगाई से राहत मिलने तक उनकी आवाज को प्रमुखता से उठाया जाता रहेगा और सरकार से जनहित में आवश्यक कदम उठाने की मांग जारी रहेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

