जिला संभल के असमोली थाना क्षेत्र स्थित गाँव दुगावर मे कल शुक्रवार देर शाम एक विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मौके पर पहुंचे मृतका के मायके वालो ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाये जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जाँच मे जुटी है।
मृतका की पहचान सलोनी आयु 22 वर्ष पत्नी विपिन कुमार निवासी गाँव दुगावर के रूप मे हुई है। बताया गया कि सलोनी गजरौला स्थित संजीवनी नर्सिंग कॉलेज से जेएनएम फाइनल की पढ़ाई कर रही थी। उसका करीब एक साल का बेटा प्रियांशु है। पति विपिन कुमार गांव में ही क्लीनिक चलाता है। कल शुक्रवार की शाम लगभग साढ़े 4 बजे सलोनी और उसकी देवरानी काजल पत्नी रवि कुमार के बीच किसी बात पर विवाद हुआ था। बताया गया कि इस विवाद के बाद सलोनी अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। करीब दो घंटे बाद शाम लगभग 6:30 बजे उसके फांसी लगाने की जानकारी सामने आई।
घटना की जानकारी मिलते ही सलोनी के मायके पक्ष वाले मंडी धनौरा जिला अमरोहा से मौके पर पहुंच गए। बेटी का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर सलोनी की हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
सूचना मिलने पर एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह और थाना प्रभारी सुधीर पंवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने रात करीब 9:15 बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने मृतका के मायके वालों को निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह के मुताबिक महिला कमरे के अंदर गई थी और प्रथम दृष्टया उसके द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, उसने किन परिस्थितियों और किस वजह से यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। एएसपी ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से अभी कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

