गजरौला/जिला अमरोहा - घर के पास टहल रहे युवक को गोली मार फरार हुए बाइक सवार हमलावर, मचा हड़कंप, पुलिस जाँच मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, सितंबर 15, 2026

गजरौला/जिला अमरोहा - घर के पास टहल रहे युवक को गोली मार फरार हुए बाइक सवार हमलावर, मचा हड़कंप, पुलिस जाँच मे जुटी

https://www.newsindia17.com/2026/09/gajraula-amroha-ghar-ke-paas-tahal-rahe-yuvak-ko-goli-markar-bike-sawar-hamlavar-farar-police-janch.html

शासन व प्रशासन द्वारा अपराध व भयमुक्त समाज होने के तमाम दावो की हकीकत कल सोमवार देर रात उस समय खुल गयी जब जिला अमरोहा के गजरौला मे बाइक सवार दो बदमाश एक युवक के गोली मारकर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे मौहल्ले वासियो ने युवक को सीएचसी पहुँचाया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जानकारी की और सीसीटीवी फुटेज आदि के माध्यम से हमलावरो की पहचान करने मे जुटी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गजरौला नगर के मौहल्ला जलालनगर निवासी शमशाद के चार पुत्र है। इन पुत्रो में से एक वाजिद अली दिल्ली मे रहता था और अभी चार माह पूर्व ही वापस आया था। बताया गया कि वाजिद यहाँ रहकर कारपेंटर का काम कर रहा था। परिजनो के अनुसार वाजिद कल देर रात लगभग साढ़े 10 बजे खाना खाने के बाद टहलने निकला था। वह घर से लगभग 200 मीटर दूरी पर ही पहुंचा था कि बाइक सवार दो अज्ञात युवको ने उसे गोली मार दी और फरार हो गए। गोली वाजिद की दाईं जांघ मे लगी और सड़क पर ही गिर गया। गोली लगने पर घायल हुए वाजिद ने किसी प्रकार खुद को संभाला और घर की ओर चल दिया। रास्ते में मोहल्ले के कुछ युवकों की नजर घायल वाजिद पर पड़ी। वह खून से लथपथ था। युवकों ने तत्काल उसकी मदद की और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।


अस्पताल पहुंची पुलिस ने घायल वाजिद से घटना के संबंध में जानकारी ली। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद पुलिस हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घायल वाजिद और उसके परिजनों ने किसी भी व्यक्ति से पुरानी रंजिश होने से इनकार किया है।


वाजिद के भाई शाह मिनाज के अनुसार परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। ऐसे में बाइक सवार युवकों ने वाजिद को गोली क्यों मारी और हमलावर कौन थे, इस संबंध में परिवार को कोई जानकारी नहीं है।  पुलिस ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


गजरौला थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

counter
अभी तक पाठक संख्या