जिला मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र मे कल शाम से लापता हुए 9 वर्षीय बच्चे का आज गुरुवार सुबह खेत मे पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। बच्चे का शव बिजली के तारो मे फंसा हुआ था। बच्चे का शव खेत मे पड़ा देख तलाश मे जुटी माँ की चीख निकल गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर बच्चे के शव को हटाया और पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव गगोल निवासी मोहम्मद इकरार का पुत्र साद आयु 9 वर्ष कल बुधवार शाम लगभग 5 बजे घर से निकला था। बताया गया कि वह सरस्वती पब्लिक स्कूल के पीछे स्थित खेतों की ओर गया था। साद के काफी देर बाद भी वापस न आने पर परिजनो को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात तक परिजन आसपास के इलाकों और खेतों में बच्चे को खोजते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
आज गुरुवार सुबह साद की मां शबनम भी उसकी तलाश में निकली और खेतो की ओर पहुंच गयी। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़ी एक पतंग पर गई। पतंग के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि वही पास मे साद भी बिजली के तार में फंसा हुआ था। बच्चे की हालत देखकर मां के होश उड़ गए। शबनम ने बेटे को तार से निकालने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसे भी करंट का तेज झटका लगा। शबनम की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ममेरे भाई अयान ने भी बच्चे को तार से अलग करने की कोशिश की परन्तु वह भी करंट की चपेट में आ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परतापुर पुलिस मौके पर पहुंचीऔर बिजली आपूर्ति बंद कराकर बच्चे के शव को तारों से अलग कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सीओ ब्रह्मपुरी रामप्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चे की मौत करंट लगने से हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार मोहम्मद साद मदरसे में पढ़ता था और करीब एक महीने बाद घर आया था। उसके पिता मोहम्मद इकरार खेतों में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बुधवार शाम साद के घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटने पर परिवार ने रातभर उसकी तलाश की। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस बच्चे को परिजन आसपास के इलाकों में ढूंढ रहे हैं, वह खेत में बिजली के तारों की चपेट में आ चुका है। सुबह शव मिलने की खबर से पूरे परिवार में मातम पसर गया।
परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल गांव में बुधवार शाम से लापता 9 वर्षीय बच्चे का शव गुरुवार सुबह खेत में बिजली के तारों में फंसा मिला। मृतक की पहचान मोहम्मद साद के रूप में हुई है। बेटे की तलाश में खेत पहुंची मां ने जब शव देखा तो चीख-पुकार मच गई। बच्चे को बचाने के प्रयास में उसकी मां और ममेरे भाई के भी करंट की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
%20(1).png)
