मंडावली/जिला बिजनौर - स्कूल से लौट रहे सरकारी शिक्षक की सरेराह गोली मारकर हत्या, आरोपी ने किया आत्मसमर्पण - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, सितंबर 15, 2026

मंडावली/जिला बिजनौर - स्कूल से लौट रहे सरकारी शिक्षक की सरेराह गोली मारकर हत्या, आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

https://newsindia17.com/2026/09/mandawali-bijnor-sarkari-shikshak-hatya-aaropi-aatmasamarpan.html

उत्तर प्रदेश के मंडावली थाना क्षेत्र में आज मंगलवार दोपहर एक सरकारी शिक्षक को सरेराह गोली मारे जाने की घटना के बाद सनसनी फैल गई। घटना के समय शिक्षक स्कूल की छुट्टी के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्कूल से कुछ दूरी पर ही आरोपी ने उन्हे गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में ऋषिकेश एम्स भेजा गया, जहां उपचार के दौरान शाम करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव राहतपुर खुर्द निवासी नौशाद अहमद आयु 40 वर्ष पुरुषोत्तमपुर प्राथमिक विद्यालय मे सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। नौशाद के परिवार मे उनकी माँ, 2 पत्नियां व 5 बच्चे है। नौशाद की पहली शादी लगभग 20 वर्ष पूर्व भूरी के साथ हुई थी। इस शादी से उनके 2 बेटियां और 1 बेटा है। नौशाद ने 10 वर्ष पूर्व दूसरी शादी शबाना के साथ की थी। इस शादी से उनके 1 बेटा व 1 बेटी है। नौशाद की बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। पूरा परिवार एक साथ ही रहता है।


आज मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद नौशाद अहमद रोजाना की तरह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि स्कूल से करीब 150 मीटर आगे एक युवक ने उनका रास्ता रोक लिया और बेहद नजदीक से पेट में गोली मार दी। सरेराह इस जघन्य घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली लगते ही शिक्षक बाइक सहित सड़क पर गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें नजीबाबाद के एचएमएच अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शाम करीब पांच बजे उन्होंने वहाँ दम तोड़ दिया।


घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। राहतपुर खुर्द गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। गांव के प्रधान मोहम्मद मुस्तफा ने बताया कि शिक्षक की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में दुख का माहौल है और परिवार के छोटे बच्चों की स्थिति बेहद चिंताजनक है।


दूसरी ओर घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हुए आरोपी गौरव राठी आयु 30 वर्ष निवासी पूरनपुर ने कुछ समय बाद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पीड़ित परिवार की तहरीर और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस द्वारा की गयी प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नौशाद अहमद शिक्षक होने के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य भी करते थे। पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे किसी संपत्ति से जुड़ा विवाद हो सकता है। हालांकि फिलहाल किसी ठोस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस अब आरोपी और मृतक के बीच संबंध, संभावित विवाद की प्रकृति और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।


एसपी बिजनौर कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि आरोपी ने थाने पहुँचकर आत्मसमर्पण कर दिया है। अभी हत्या का कारण सामने नही आ सका है। आरोपी से पूछताछ जारी है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या