जिला बदायूँ उसावां थाना क्षेत्र में कल मंगलवार रात 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद हड़कंप मच गया। विवाहिता का शव घर की छत पर बने टीन शेड में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान ससुराल पक्ष के कुछ लोगों के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव गूराबरेला निवासी जितेंद्र की शादी 6 फरवरी 2026 को रोशनी आयु 20 वर्ष पुत्री कुंवरपाल निवासी गाँव कोली, थाना क्षेत्र दातागंज के साथ हुई थी। बताया गया कि कल मंगलवार की देर रात लगभग 10 बजे रोशनी व जितेंद्र के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई थी। परिजनो के मुताबिक इसके बाद रोशनी छत पर चली गयी थी। करीब आधे घंटे तक वापस न आने पर जितेंद्र रोशनी को देखने के लिए छत पर गया था। छत पर पहुंचे जितेंद्र को रोशनी तीन शेड मे फंदे एक सहारे लटकी मिली। परिजनो ने उसे फंदे से नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल ले गए। जहाँ चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया और परिजन शव लेकर घर आ गए।
आज बुधवार सुबह रोशनी की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके पक्ष वाले गूराबरेला पहुंचे। मायके वालों ने विवाहिता की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि मायके पक्ष के कुछ लोगों ने ससुराल पक्ष के सामने आए लोगों के साथ मारपीट भी की।
मामले की सूचना मिलते ही उसावां थाना पुलिस गांव पहुंची और आक्रोशित परिजनो को शांत किया। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरिक्षण करने के उपरांत शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल मायके पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |
