बिलारी/जिला मुरादाबाद - सिपाही ने तमंचे से गोली मारकर की आत्महत्या, कमरे मे पड़ा मिला लहूलुहान शव, पुलिस जाँच मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, सितंबर 02, 2026

बिलारी/जिला मुरादाबाद - सिपाही ने तमंचे से गोली मारकर की आत्महत्या, कमरे मे पड़ा मिला लहूलुहान शव, पुलिस जाँच मे जुटी

bilari-moradabad-sipahi-ne-tamanchhe-se-goli-markar-ki-aatmahatya-kamre-me-pada-mila-shav

जिला मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र से एक सिपाही द्वारा तमंचे से सीने मे गोली मारकर आत्महत्या किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस घटना का पता लगने पर पुलिस विभाग मे हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए है। पुलिस मामले की गंभीरता से जाँच कर रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मोनू कुमार सांगवान आयु 32 वर्ष, निवासी गाँव छपार, चरखी दादरी, हरियाणा वर्ष 2018 मे उत्तर प्रदेश पुलिस मे सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था। मोनू कुमार पिछले 4 वर्ष से बिलारी थाने मे नियुक्त था। पिछले लगभग 1 वर्ष से वह सहसपुर चौकी पर ड्यूटी कर रहा था। मोनू बिलारी के साहू कुंज मोहल्ले में स्थित सुबोध चौधरी के मकान की ऊपरी मंजिल पर किराये पर रहता था। इसी मकान में डाक विभाग में कार्यरत छोटू भी रहता है। दोनों एक ही क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।


बताया गया कि सोमवार को मोनू की नाइट ड्यूटी थी। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह मंगलवार सुबह अपने कमरे पर लौट आया था। इसके बाद उसका रूम पार्टनर छोटू भी अपनी ड्यूटी पर चला गया। कल मंगलवार की देर शाम ड्यूटी से वापस आये छोटू ने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। उसने मोनू को फोन किया लेकिन कई बार प्रयास के बावजूद फोन नहीं उठा। अनहोनी की आशंका होने पर उसने आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर लोग कमरे के अंदर पहुंचे।


कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। सिपाही मोनू का शव फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था। उसके सीने के बाईं ओर गोली लगी थी, जबकि दाहिने हाथ के पास एक तमंचा पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने बरामद तमंचे को कब्जे में ले लिया।


एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मोनू ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल की जांच, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर मौत की वजह पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।


सिपाही मोनू कुमार सांगवान के परिवार में पत्नी और एक बेटी है। घटना की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दे दी है। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए।

conter12
अभी तक पाठक संख्या