धनारी/जिला संभल - पुलिस स्टीकर लगी कार से युवक के अपहरण का प्रयास, ग्रामीणो ने 4 को पकड़ा, पुलिस जाँच मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, सितंबर 27, 2026

धनारी/जिला संभल - पुलिस स्टीकर लगी कार से युवक के अपहरण का प्रयास, ग्रामीणो ने 4 को पकड़ा, पुलिस जाँच मे जुटी

https://newsindia17.com/dhanari-sambhal-police-sticker-car-yuvak-apaharan-prayas-4-pakde
जिला संभल के धनारी थाना क्षेत्र से एक युवक को जबरन कार मे डालकर ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस स्टीकर लगी कार से आये 4 युवको और 1 महिला ने गाँव निवासी युवक के साथ मारपीट की और जबरन कार मे बैठाने का प्रयास किया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने 4 युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।


उक्त घटना थाना क्षेत्र के गाँव उधरनपुर अजमतनगर से जुड़ी है। बताया गया कि आज रविवार की सुबह गाँव निवासी सुभाष की माँ राधा ने पुलिस को एक तहरीर दी थी। इस तहरीर मे गांव निवासी परसादी पुत्र शिब्बी पर सुभाष की पत्नी संजो को परेशान करने का आरोप लगाया गया था। राधा द्वारा दी गयी तहरीर मे बताया गया था कि रास्ते को लेकर चल रहे विवाद के कारण परसादी उसके परिजनो के साथ गाली गलौज करता है और पुत्रवधू संजो को भी परेशान करता रहता है।


संजो के अनुसार इसी के चलते आज रविवार दोपहर लगभग साढ़े 3 बजे आरोपी पक्ष द्वारा चंदौसी से बुलाए गए कार सवार 4 युवको ने उसके पति सुभाष के साथ मारपीट कर अपहरण किये जाने का प्रयास किया। संजो ने बताया कि उसका छोटा बेटा मौके पर गया था और उसने युवको को सुभाष के साथ मारपीट करते देखा है। उसने ही परिजनो को बताया कि कुछ युवक सुभाष के साथ मारपीट कर उसे कार मे डालकर ले जाने का प्रयास कर रहे है। शोर शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणो ने चार युवको को धर दबोचा। आरोप है कि परसादी की पुत्री इस समय घर आयी हुई है और उसी ने आरोपियो को बुलाया था। संजो ने मारपीट के दौरान सुभाष के हाथ पर चाकू से चोट लगने का भी दावा किया है। इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।


सुभाष ने पुलिस को बताया कि वह चौक पर खड़ा था, तभी कार से आए लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने आरोप लगाया कि वह हमलावरों को पहले से नहीं जानता था। सुभाष का कहना है कि गाँव निवासी एक व्यक्ति के यहाँ विवाह कार्यक्रम था और उसी के माध्यम से इन युवको व महिला को मारपीट के लिए बुलाया गया था। आरोपित जिस कार से पहुंचे थे, उसका नंबर UP 38 X 6169 है और उसके पीछे पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था। ग्रामीण करण सिंह ने बताया कि शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद युवक को ले जाने की कोशिश नाकाम हो गई।


उक्त मामले मे धनारी थाना प्रभारी नरेशपाल सिंह यादव ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही परिवार से जुड़े हैं। उनके अनुसार सुभाष का ताऊ रास्ते में लेटा हुआ था। उसे हटने के लिए कहने पर विवाद शुरू हुआ था जिसके बाद मारपीट हुई। पुलिस ने पकड़े गए लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कार और उस पर लगे स्टीकर समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

counter
अभी तक पाठक संख्या