बरेली/उत्तर प्रदेश - घर के अंदर बन रही थी स्मैक, 26.50 लाख की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, सितंबर 26, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - घर के अंदर बन रही थी स्मैक, 26.50 लाख की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

https://www.newsindia17.com/2026/09/bareilly-smack-factory-youth-arrested.html

बरेली में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बारादरी थाना पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक मकान से 265 ग्राम स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 26 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार आरोपी मकान के अंदर ही नशीला पदार्थ तैयार करने और उसकी सप्लाई करने की कोशिश कर रहा था। मौके से नशीला पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और कई अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं.


बारादरी पुलिस को थाना क्षेत्र की पशुपतिनाथ विहार कॉलोनी में एक मकान के अंदर नशीले पदार्थ से जुड़ी गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 265 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 26.50 लाख रुपये है।


पुलिस को मकान से स्मैक के अलावा कई उपकरण और अन्य सामान भी मिले हैं। इनमें इलेक्ट्रिक बॉयलर, मैग्नेटिक स्टिरर, कांच के जार, दस्ताने, चश्मे और विभिन्न प्रकार के रसायन शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान से मकान में नशीला पदार्थ तैयार किए जाने की आशंका है। मामले में बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है.


गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहरुख आगाज खान आयु 25 वर्ष के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बदायूं जिले के ककराला का रहने वाला बताया गया है।


गिरफ्तार किये गए आरोपी के खिलाफ बदायूं में मारपीट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।


बारादरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार किये गए आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.


पुलिस मामले में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। साथ ही मकान से बरामद उपकरणों और रसायनों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या