नहटौर/जिला बिजनौर - दशलक्षण पर्व के समापन पर जैन समाज ने निकाली भव्य गज रथ यात्रा, जयकारो से गूँजा नगर - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, सितंबर 28, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - दशलक्षण पर्व के समापन पर जैन समाज ने निकाली भव्य गज रथ यात्रा, जयकारो से गूँजा नगर

nahtaur-bijnor-dashlakshan-parv-samapan-jain-samaj-bhavya-gaj-rath-yatra
जैन धर्म के दशलक्षण पर्व के समापन के अवसर पर आज सोमवार को नहटौर नगर में भव्य जैन समाज के तत्वावधान में भव्य गज रथयात्रा निकाली गई।  धार्मिक उल्लास और श्रद्धा से सराबोर इस यात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों ने भाग लिया।  रथयात्रा के दौरान पूरा नगर धार्मिक जयघोषों से गूंजता रहा और जगह-जगह श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।  गज रथ यात्रा में शामिल रही विभिन्न आकर्षक झांकियो ने सभी का मन मोह लिया व धार्मिक धुन बिखरेते चल रहे बैंडो ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

भव्य गज रथयात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व नगर के जैन मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक बोलियों का आयोजन किया गया।  इस दौरान आयुष जैन और पंकज जैन ने सारथी, मनोज जैन ने सौधर्म इंद्र, अंकुश जैन ने धन कुबेर तथा सौरभ जैन ने ऐरावत हाथी की बोली ली।

धार्मिक विधि-विधान के साथ नगर के श्री दिगंबर जैन मंदिर से प्रारंभ हुई गज रथ यात्रा अपने निर्धारित मार्ग मीना बाजार, अब्दुल्ला चौक, सराय जोखा सिंह, मोहल्ला धर्मशाला, मोहल्ला होलियान, मोहल्ला चौधरियान, मुख्य बाजार, एजेंसी चौराहे से होते हुए जैन विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मे स्थित पांडुक शिला पर पहुंची और वापस श्री दिगंबर जैन मंदिर आकर समाप्त हुई। गज रथ यात्रा में शामिल रही आकर्षक धार्मिक एवं देशभक्ति से जुड़ी झांकियो ने सभी का मन मोह लिया। राजस्थानी नृत्य की प्रस्तुति ने भी लोगों का ध्यान खींचा।  बाहर से आए बैंडों की धार्मिक धुनों पर श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमते और नाचते नजर आए।  गज रथ यात्रा का नगर मे कई स्थानो पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

रथयात्रा के दौरान “एक, दो, तीन, चार, जैन धर्म की जय-जयकार” के उद्घोष से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।  यात्रा नगर के प्रमुख एवं पूर्व निर्धारित मार्गों से होती हुई धामपुर रोड स्थित जैन विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रांगण में पहुंची।  कॉलेज परिसर में पांडुक शिला की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कराया गया।  बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया।  इसके बाद मंदिर परिसर में महाआरती का आयोजन हुआ और श्री जी की प्रतिमा को विधिवत स्थापित किया गया।

शोभा यात्रा मे मुख्य रूप से श्री दिगंबर जैन मंदिर के प्रबंधक राजीव जैन, जैन अल्पसंख्यक संघ के नगर अध्यक्ष ऋषभ जैन, पुनीत जैन, पंकज जैन, पारस जैन, अचल जैन, राजेश जैन, अंकुर जैन, कमलेश जैन, संदीप जैन, अशोक जैन, नितिन जैन, राजेश जैन, शरद जैन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा।  कस्बा इंचार्ज अशोक मलिक पुलिस बल के साथ यात्रा मार्ग पर मौजूद रहे।  प्रमुख चौराहों और रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के चलते रथयात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
free web counter
अभी तक पाठक संख्या