नहटौर/जिला बिजनौर - धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया गया श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव, निकली भव्य रामडोल शोभायात्रा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, सितंबर 05, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया गया श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव, निकली भव्य रामडोल शोभायात्रा

nahtaur-bijnor-shri-krishna-janmashtami-utsav-bhavya-ramdol-shobhayatra
भगवान विष्णु के आठवें अवतार और श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से विश्व को कर्म एवं धर्म का संदेश देने वाले भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव नगर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।   जन्माष्टमी के अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।  शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। इस दौरान चारों ओर हो रहे "हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

जन्माष्टमी के अवसर पर नगर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। चामुंडा मंदिर परिसर सहित हाथी वाला मंदिर, शिव मंदिर, पंचायती मंदिर तथा मोहल्ला होलियान स्थित चामुंडा मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था।   देर रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा। मध्यरात्रि में भगवान श्री कृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।  इस दौरान मंदिर परिसरों के साथ-साथ विभिन्न मार्गों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। जन्माष्टमी के मौके पर मंदिरों में सजाई गई आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

जन्माष्टमी के अगले दिन आज शनिवार को नगर में भव्य रामडोल शोभायात्रा निकाली गई। लगातार हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और निर्धारित समय पर पंचायती मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया।   शोभायात्रा मीना बाजार, अब्दुल्ला चौक, सराय जोखा सिंह, मोहल्ला धर्मशाला, चौधरियान, मुख्य बाजार तथा एजेंसी चौराहे से होती हुई मिडिल स्कूल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़े पर सवार एक युवा धर्म ध्वजा लेकर चल रहा था।   इसके पीछे सुसज्जित बग्गी में प्रथम पूज्य भगवान गणेश, रास रचाते राधा-कृष्ण, नंदी पर सवार भगवान शिव तथा नृत्य करते अघोरी शामिल रहे। विभिन्न बैंडों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे भक्तिमय संगीत से शोभायात्रा का माहौल और भी आकर्षक हो गया। शोभायात्रा में शामिल मां शेरावाली, राम दरबार, सीता-हनुमान सहित विभिन्न धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।   इसके अलावा भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को दर्शाती झांकी भी लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही।

कार्यक्रम के दौरान विनीत गोयल, भाजपा मंडलाध्यक्ष वैभव गोयल, उपमंडलाध्यक्ष कपिल शर्मा, कपिल राठी, सुनील चौधरी, आशु जैन, ऋषभ जैन, संजय कुमार शर्मा, कृष्णा वर्मा, संजय शर्मा (मुनीम जी), रतन सैनी, भाजपा मंडल महामंत्री प्रशांत वर्मा, कोषाध्यक्ष राहुल चौधरी, डॉ.   शशांक गौतम, अशोक चंद्रा, मृत्युंजय त्यागी, अभिनव जैन, शिवम त्यागी, आशुतोष कौशिक, राकेश दत्त शर्मा, अमित अग्रवाल, बबलू शर्मा, सभासद मुकेश गुप्ता, अर्पित गुप्ता, तेजपाल सैनी, विनीता शर्मा, बृजपाल सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।  सभी ने जन्माष्टमी उत्सव एवं रामडोल शोभायात्रा के आयोजन और संचालन में अपना विशेष योगदान दिया।
counter
अभी तक पाठक संख्या