पैजनिया-चांदपुर रोड स्थित पोटा धर्मू गांव में गन्ने के खेत के पास बने करीब 30 फीट गहरे सूखे कुएं में अचानक गुलदार गिरने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कुएं से गुलदार के दहाड़ने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो नीचे जंगली जानवर को देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गुलदार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने गन्ने के खेत के पास स्थित सूखे कुएं से गुलदार के दहाड़ने की आवाज सुनी थी। आवाज सुनकर जब लोगों ने पास जाकर देखा तो गुलदार करीब 30 फीट गहरे कुएं में गिरा हुआ था। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। गुलदार के कुएं में गिरने की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में भी हलचल मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। बताया गया कि रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अंधेरे और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वनकर्मियों ने करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया और तत्काल पिंजरे में कैद कर लिया गया।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम गुलदार को मेडिकल परीक्षण के लिए रेंज कार्यालय ले गई। गुलदार के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि गन्ने के खेतों के आसपास गुलदार की मौजूदगी के कारण पहले से ही भय का माहौल बना हुआ था। समय रहते वन विभाग की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू अभियान में दरोगा मुकुल त्यागी, सौरभ कुमार और सुमित कुमार, वन रक्षक गौरव व सागर कुमार के अलावा वनकर्मी प्रदीप, गजेंद्र, अफजल, नेपाल, सुनील और सोनू समेत अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

