जिला पीलीभीत के अमरिया थाना क्षेत्र से एक महिला के मायके जाने के बाद घर पर मौजूद रही उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। आरोप है कि युवक ने रात में घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया और विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने पीड़िता की मां की लिखित शिकायत पर मुख्य आरोपी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरिया थाना क्षेत्र निवासी एक महिला 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके गई थी। इस दौरान घर पर उसकी तीन बेटियां और एक बेटा मौजूद थे। आरोप है कि उसी रात करीब 11 बजे बीसलपुर के मोहल्ला दुबे का निवासी राजेश घर में घुस आया और डरा-धमकाकर महिला की बड़ी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवती द्वारा विरोध किये जाने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता की माँ द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया गया कि 29 अगस्त की रात करीब डेढ़ बजे आरोपी दोबारा घर में घुस आया। इसी दौरान आहट होने पर गांव के एक बुजुर्ग की नींद खुल गई और आरोपी मौके से भाग निकला। रक्षा बंधन के बाद 31 अगस्त को वापस आयी महिला को बेटी ने आपबीती कह सुनाई। आरोप है कि मामले की शिकायत करने के लिए दंपती मुख्य आरोपी राजेश के बहनोई विनोद के घर पहुंचे, तो वहां मौजूद अशोक और प्रदीप ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
घटना के बाद पीड़िता की मां ने अमरिया थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

