उत्तर प्रदेश की पीलीभीत पुलिस ने उर्स मेले के दौरान महिला और उसकी दो भांजियों के साथ अभद्रता, मारपीट और धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में नामजद चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।
उक्त घटना शहर के मुहल्ला शेर मोहम्मद में आयोजित उर्स मेले से जुड़ी है। नगर मे लगे इस मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय व दूर दराज के क्षेत्रो से लोग पहुंच रहे है। कोतवाली क्षेत्र की निवासी एक महिला भी अपनी दो भांजियों के साथ मेला देखने पहुंची थी। आरोप है कि मेले मे मौजूद रहे मौहल्ला तकिया निवासी तौहीद, अनस, वारिस और मुन्ना ने महिला और उसकी भांजियों के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मामला विवाद में बदल गया।
महिला की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुसार विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद वहां भीड़ जमा हो गई।
घटना के बाद पीड़ित महिला अपनी दोनों भांजियों के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की और नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने मुहल्ला तकिया में दबिश देकर तौहीद, अनस, वारिस और मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपितों के माफी मांगने का वीडियो भी सामने आया है। इसमें चारों आरोपित कान पकड़कर माफी मांगते और हाथ जोड़ते नजर आ रहे हैं। वे अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात कहते दिखाई दिए।
सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने अपनी गलती स्वीकार की और अपने कृत्य पर पछतावा जताया है। पुलिस ने चारों आरोपितों से पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद उर्स मेले में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस की ओर से मेले में आने-जाने वाले लोगों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि दोबारा किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

