स्वार/जिला रामपुर - निजी अस्पताल मे प्रसव के 12 घंटे बाद हुई महिला की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने किया हंगामा, लगाया लापरवाही का आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, सितंबर 11, 2026

स्वार/जिला रामपुर - निजी अस्पताल मे प्रसव के 12 घंटे बाद हुई महिला की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने किया हंगामा, लगाया लापरवाही का आरोप

swar-rampur-private-hospital-delivery-12-hours-woman-death-family-protest-negligence-allegation

जिला रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल मे प्रसव के 12 घंटे बाद हुई प्रसूता की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनो ने अस्पताल के चिकित्सक व कर्मचारियो पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपा सैनी आयु 27 वर्ष पत्नी अनिल सैनी, निवासी गदरपुर फतेहगंज, रुद्रपुर, उत्तराखंड को प्रसव हेतु स्वार थाना क्षेत्र स्थित निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया था। दीपा ने शाम लगभग 4 बजे एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था। परिजनो के अनुसार प्रसव के बाद कुछ समय तक सब सामान्य रहा और फिर दीपा की हालत बिगड़ने लगी और आज शुक्रवार की सुबह लगभग 4 बजे उसकी मौत हो गयी।


दीपा की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और मौहल्लेवासी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगो को आया देख अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारी शटर गिराकर मौके से चले गए। इस घटना पर आक्रोशित परिजनो ने मौके पर ही हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस को सूचना दी। परिजनो ने चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किये जाने की मांग की।


मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनो को समझाकर शांत किया और महिला के शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी स्वार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यो के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने भी जांच जारी होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। महिला का पोस्टमार्टम पैनल के माध्यम से कराया जा रहा है।


घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है। सीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने मामले की जांच के लिए डॉक्टर देवेश चौधरी को संबंधित निजी अस्पताल भेजा है। सीएमओ के अनुसार अस्पताल की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


दीपा सैनी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हालांकि राहत की बात यह है कि प्रसव के बाद जन्मी नवजात बच्ची सुरक्षित और स्वस्थ बताई जा रही है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत की वजह क्या थी और इसमें इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं। अधिकारियों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच में महत्वपूर्ण आधार बताया है।


डिस्क्लेमर: अस्पताल पर लगाए गए लापरवाही के आरोप परिजनों के दावे हैं। मामले की वास्तविक स्थिति जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या