Rajasthan: सड़क हादसे में पति-पत्नी और बेटी समेत 4 लोगों की मौत, गहलोत ने प्रकट किया दुख - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, सितंबर 16, 2026

Rajasthan: सड़क हादसे में पति-पत्नी और बेटी समेत 4 लोगों की मौत, गहलोत ने प्रकट किया दुख

इंटरनेट डेस्क। डीडवाना-कुचामन जिले के नावां क्षेत्र में आज तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है।  जहां मुरड़ से भरे डंपर और कार की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों सहित चार लोगों की मौत हो गई। ये सड़क हादसा आज सुबह करीब 5 बजे मिठड़ी बाइपास पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस सड़क दुर्घटना में मृतकों की पहचान लक्ष्मण सिंह (46), उनकी पत्नी तुलसी (45), बेटी शीतल (22) और कार चालक रामा किशन (35) के रूप में कर ली है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस दुर्घटना को लेकर दुख प्रकट किया है। उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि डीडवाना-कुचामन के नावां में हुए एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी एवं बेटी समेत 4 लोगों की मृत्यु बेहद दुखद एवं हृदयविदारक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उन्हें सम्बल प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।

स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर कार्यरत थी मृतका तुलसी
खबरों के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ परिवार डीडवाना-कुचामन जिले में मिठड़ी के पास पालड़ी गांव में किराए के मकान में रह रहा था। कार सवार जयपुर की ओर से नावां होते हुए मिठड़ी गांव की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान मिठड़ी बाइपास पर मुरड़ से भरे डंपर से कार की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शव उसके अंदर फंस गए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। मृतका तुलसी स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर कार्यरत थी। वह अभी कासेड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र में सेवाएं दे रही थी। 

PC: navbharattimes.indiatimes
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें