उत्तराखंड की रुद्रपुर निवासी एक महिला आज गुरुवार को एसपी रामपुर कार्यालय पहुँची और शिकायती पत्र देकर इंसाफ की गुहार लगाई। महिला का आरोप है कि उसका पति लगभग डेढ़ माह पूर्व अचानक ही कही चला गया और निकाहनामा,नकदी, जेवर के साथ ही अन्य जरूरी कागजात भी अपने साथ ले गया। महिला ने एसपी को दिए गए शिकायती पत्र मे पति को तलाश कराने व उसके पास मौजूद सामान के सम्बन्ध मे कार्रवाई किये जाने की मांग की है।
रुद्रपुर निवासी पीड़िता सीमा ने बताया कि उसका पहले पति से तलाक हो चुका है। तलाक के बाद वह अपने चार बच्चों के साथ रह रही थी। करीब डेढ़ साल पहले दिल्ली में उसकी मुलाकात रामपुर के अजीतपुर निवासी रेहान से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा और बाद में दोनों ने दिल्ली के साइन बाग नंबर-9 में निकाह कर लिया। सीमा का कहना है कि निकाह के समय रेहान ने उसके चारों बच्चों की जिम्मेदारी निभाने का भरोसा दिलाया था। निकाह के बाद सीमा करीब डेढ़ साल तक रेहान के साथ रही। इस दौरान दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य तरीके से चल रहा था।
आरोप है कि करीब डेढ़ महीने पहले रेहान बिना बताए अचानक ही घर से चला गया और जाते समय निकाहनामा, जेवर, नकदी और अन्य कागजात भी अपने साथ ले गया। रेहान के जाने के बाद सीमा ने कई बार उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन रिसीव नहीं किया गया। काफी तलाश के बावजूद उसे पति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पति के अचानक लापता होने से महिला अपने चार बच्चों को लेकर परेशान है। उसका कहना है कि वह लगातार पति का पता लगाने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।
पति की तलाश करते हुई सीमा आज गुरुवार सुबह करीब 8 बजे अजीतपुर स्थित अपनी ससुराल पहुंची। महिला का आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया और वहां से वापस जाने को कहा।इसके बाद वह करीब सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक सिविल लाइंस थाने के गेट पर मौजूद रही। बाद में उसने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की।
दोपहर करीब 2 बजे सीमा रामपुर एसपी कार्यालय पहुंची और अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपा। महिला ने पुलिस से पति की तलाश कराने के साथ ही निकाहनामा, जरूरी दस्तावेज, नकदी और जेवर के संबंध में भी कार्रवाई की मांग की है। सीमा का कहना है कि पहले पति से तलाक के बाद उसने नई जिंदगी शुरू करने की उम्मीद में दूसरा निकाह किया था। लेकिन पति के अचानक चले जाने के बाद वह अपने चार बच्चों के साथ एक बार फिर परेशानी में घिर गई है।
फिलहाल मामले में पति रेहान और ससुराल पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई कर सकती है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

