नहटौर/जिला बिजनौर - दहेज की माँग पूरी न होने पर विवाहिता की जान लेने का प्रयास, ससुर ने बरसाए चाकू, पति व सास ने किया गला दबाने का प्रयास - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, सितंबर 03, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - दहेज की माँग पूरी न होने पर विवाहिता की जान लेने का प्रयास, ससुर ने बरसाए चाकू, पति व सास ने किया गला दबाने का प्रयास

nahtaur-bijnor-dahej-ki-maang-puri-na-hone-par-vivahita-ki-jaan-lene-ka-prayas-sasur-ne-chaku-se-kiya-hamla-pati-saas-par-gala-dabane-ka-aarop

जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से दहेज के लालच के चलते मानवीय संवेदनाओ को तार तार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ दहेज मे कार व 2 लाख रूपये नकद की मांग पूरी न होने पर पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो ने विवाहिता को जान से मारने का प्रयास किया। इस दिल दहला देने वाली वारदात मे जहाँ ससुर ने विवाहिता पर ताबड़तोड़ चाकू के वार किये वही पति और सास ने उसका गला दबाकर जान लेने का प्रयास किया। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र निवासी आँसिया का निकाह 18 अप्रैल 2025 को हल्दौर थाना क्षेत्र के गाँव नांगल निवासी युवक के साथ हुआ था। निकाह के समय मायके वालो ने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज देकर आँसिया को विदा किया था मगर इस सबके बाद भी ससुरालों वाले संतुष्ट नही थे। आरोप है कि ससुराल वाले लगातार आल्टो के 10 कार और 2 लाख रूपये नकदी की मांग करते हुए आँसिया को लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। पीड़िता के अनुसार इस घटना से पूर्व भी एक बार ससुराल वालो ने उस पर पेट्रोल डालकर जिन्दा जलाने का प्रयास किया था।


बताया गया कि बीती 2 सितंबर की सुबह करीब 9:40 बजे दहेज की इस मांग ने खूनी रूप ले लिया। मामूली विवाद के बाद ससुराल वालों ने आंसिया पर लात-घूंसों और चाकू से हमला बोल दिया। ससुर ने चाकू से कई वार किए और पति व सास ने उसका गला घोंटने की कोशिश की। घर के अंदर से आ रही चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और किसी तरह उसकी जान बचाई। घटना की सूचना पाकर आंसिया के भाई और अन्य रिश्तेदार  तुरंत मौके पर पहुंचे। भाई ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत डायल 112 पर पुलिस को कॉल किया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके वालों के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने पर पीड़िता को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।


इस मारपीट में गंभीर रूप से घायल आंसिया को नहटौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में उपनिरीक्षक संयम यादव का कहना है कि पीड़िता और उसके परिवार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या