कल सोमवार की देर शाम संभल के नखासा थाना क्षेत्र में कार और बाइक की टक्कर के बाद दो संप्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्ष में कहासुनी से शुरू हुआ विवाद पथराव तक आ पहुंचा। दो सम्प्रदाय के बीच हुए पथराव से इलाके में भगदड़ मच गई। इस पथराव व भगदड़ में पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल सोमवार देर शाम लगभग 7 बजे जिला सम्भल के नखासा थाना क्षेत्र के हातिम सराय में बाइक से कार टकराने पर हुए विवाद में दो संप्रदाय के लोग आमने सामने आ गए। कुछ ही देर में दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। पथराव व भगदड़ में 5 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुँची पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। नगर के मोहल्ला हातिम सराय का निवासी देवराज मौहल्ले में ही बाइक लेकर जा रहा था। तभी पीछे से तकिया सोती पुरा निवासी अरमान, फारूक तथा सादमान कार लेकर आए और अचानक से देवराज की बाइक को टक्कर लग गई। टक्कर होने पर आसपास के लोग उस ओर दौड़े तो कार सवार कार को लेकर भागने लगे। इस दौरान अनियंत्रित हुई कार ने कई और लोगों को और भी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने एकत्र होकर कार सवारों को पकड़ लिया और मारपीट करने लगे। इसकी जानकारी दूसरे संप्रदाय के लोगों को होने पर भारी संख्या में एकत्र होकर मौके पर आ गए। विवाद बढ़ गया और मारपीट के बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।
पथराव में विष्णु, अरविंद, ममता, देवराज तथा कैला देवी घायल हो गईं। पुलिस ने लाठियां फटकाकर लोगों को भगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में लिया है। जबकि घायलों को हल्की चोट आई है। उनका वहीं निजी स्तर पर इलाज कराया गया। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
