![]() |
| एआई जनरेटेड इमेज |
जनपद अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र से एक विवाहिता द्वारा कथित तौर पर अपने मायके पक्ष के 6 सदस्यो को नशीला पदार्थ पिलाकर प्रेमी के साथ फरार होने का मामला प्रकाश मे आया है। आरोप है कि विवाहिता ने पानी मे नशीला पदार्थ मिलाकर सभी को पिला दिया और उनके बेहोश होने पर घर मे रखी नकदी व जेवर लेकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गयी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी पीड़ितो को अस्पताल मे भर्ती कराने के साथ ही मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र निवासी एक युवती की शादी करीब 4 वर्ष पूर्व सैदनगली थाना अंतर्गत एक गाँव निवासी युवक के साथ हुई थी। इस समय दंपत्ति के 3 वर्षीय एक पुत्री भी है। बताया गया कि करीब 15 दिन पूर्व भी युवती अपने गाँव निवासी प्रेमी के साथ फरार हो गयी थी। उस समय मायके पक्ष के सदस्य उसे समझाकर वापस ले आये थे। इसके बाद से वह मायके मे ही रह रही थी।
कल सोमवार की रात विवाहिता ने अपने परिजनो को पीने के लिए पानी दिया था। इस पानी को पीने के बाद उसकी भतीजी रोहिनी और रोनिका, भाभी सुमन और बेबी तथा भाई रोबिन और गुड्डू एक-एक कर अचेत हो गए। आज मंगलवार सुबह घर में कोई हलचल न होने पर अन्य परिजनों ने अंदर जाकर देखा कि सभी बेहोशी की हालत में पड़े हुए है। जाँच करने पर पता लगा कि घर में रखी नकदी व अन्य कीमती सामान भी गायब है। आरोप है कि परिवार के सदस्यों के अचेत होने पर विवाहिता गांव निवासी अपने प्रेमी के साथ घर में रखी नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गई है।
प्रभारी निरीक्षक हसनपुर राजेश तिवारी ने बताया कि सभी पीड़ितों का उपचार कराया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

