![]() |
| एआई जनरेटेड इमेज |
जिला मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र से सिरफिरे आशिक द्वारा माँ -बेटी पर सरेआम जानलेवा हमला किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। आज बुधवार की सुबह हुई इस घटना मे माँ व बेटी गंभीर रूप से घायल हो गयी। घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल-112 की पुलिस टीम पर भी पीड़ित परिवार ने संवेदनहीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाँव डाबका निवासी एक युवती व उसकी माँ मजदूरी करते है। बताया गया कि लगभग एक माह पूर्व गाँव मे मजदूरी के दौरान किला पक्षीगढ़ निवासी रिंकू नाम के युवक ने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया था। आरोप है कि इसके बाद से वह युवती को लगातार फोन कर शादी करने का दबाब बना रहा था। युवती के परिजनो द्वारा समझाये जाने पर भी वह लगातार धमकियां दे रहा था। आज बुधवार सुबह युवती अपनी माँ के साथ काम पर जाने के लिए दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित साहिल सेल परचेज के पास ऑटो से उतरी थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद रहे रिंकू ने दोनों को रोक लिया और युवती पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा।
मौके पर मौजूद रही युवती की माँ द्वारा इस सबका विरोध किये जाने पर आरोपी भड़क उठा और डंडा उठाकर दोनों पर हमला कर दिया। इस हमले में मां-बेटी गंभीर रूप घायल हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मी लंबे समय तक केवल नाम पता ही पूछते रहे और घायल महिलाओं को उपचार के लिए भी नहीं भेजा गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें वाहन में जगह न होने का हवाला देकर इंतजार करने को कहा गया।
इसी दौरान हाईवे पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल विकास दहिया, अशोक नायक और फारुख ने पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देख तत्काल ई-रिक्शा से घायल मां-बेटी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद दोनों को कंकरखेड़ा थाने ले जाकर उनकी शिकायत दर्ज कराई गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी रिंकू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

