बिल्सी/जिला बदायूँ - शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या, मक्का के खेत मे पड़ा मिला शव, प्रेमी गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, जुलाई 05, 2026

बिल्सी/जिला बदायूँ - शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या, मक्का के खेत मे पड़ा मिला शव, प्रेमी गिरफ्तार

https://newsindia17.com/badaun-bilsi-lover-strangles-girlfriend-with-dupatta-over-marriage-demand-body-found-in-maize-field-lover-arrested
वास्तविक व एआई जनरेटेड इमेज 

जिला बदायूँ के बिल्सी थाना क्षेत्र से एक युवक द्वारा शादी की जिद पर अड़ी नाबालिग प्रेमिका का दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या किये जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश मे आया है। कल शनिवार की सुबह घर से निकली किशोरी का शव आज रविवार की सुबह गाँव के बाहर मक्के के खेत मे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई मे जुटी है।


उक्त घटना बिल्सी थाना क्षेत्र के गाँव रामपुर टांडा से जुडी है। पुलिस द्वारा की गयी प्रारम्भिक जाँच मे सामने आया कि गाँव निवासी 17 वर्षीय किशोरी व जोगेंद्र आयु 19 वर्ष के बीच पिछले 3 वर्षो से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जोगेंद्र बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है जबकि किशोरी ने इसी वर्ष इंटरमीडियेट परीक्षा पास की थी और स्नातक मे प्रवेश लेने की तैयारी कर रही थी। बताया गया कि 3 माह पूर्व जोगेंद्र के परिजनो ने उसकी शादी कही और तय कर दी थी। इसके बाद से किशोरी परेशान थी और जोगेंद्र पर उसके साथ शादी करने का दबाब बना रही थी।


बताया गया कि किशोरी कल शनिवार की सुबह घर से 12वी की टीसी लेने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह सीधे अपने प्रेमी से मिलने पहुंची। बताया गया कि यहाँ एक बार फिर शादी की बात को लेकर दोनो के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि युवक बहाने से किशोरी को गाँव के बाहर स्थित मक्के के खेत मे ले गया और दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर फरार हो गया।


दूसरी ओर किशोरी के देर शाम तक घर वापस न आने पर परिजनो को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी किशोरी का कुछ पता न लगने पर परिजनो ने मामले की सूचना पुलिस को दी। परिजनो ने शुरू से ही प्रेमी जोगेंद्र पर शक जताते हुए उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी जोगेंद्र को हिरासत मे ले लिया। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे जोगेंद्र टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मक्का के खेत से किशोरी का शव भी बरामद कर लिया।


मृतका के परिजनों का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उनकी बेटी का पीछा करता था और उसे परेशान करता था। इस संबंध में कई बार आरोपी के पिता से भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिवार ने आरोपी के पिता की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।


एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसके पिता पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या