नहटौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को पंजिकृत डाक से शिकायती पत्र भेजकर ससुराल पक्ष के लोगो पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई किये जाने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम खण्डसाल निवासी सतेंद्र कुमार पुत्र रामशरण शर्मा द्वारा थाना नहटौर को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा है कि उसका विवाह वर्ष 2013 में स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव डेहरा खानपुर निवासी ज्योति देवी के साथ हुआ था। शिकायती पत्र में सतेंद्र कुमार ने बताया है कि उसके ससुर करन सिंह, सास सरोज देवी व साला कपिल कुमार उसकी पत्नी ज्योति देवी को उसके खिलाफ भड़काते रहते है। शिकायती पत्र में कहा गया है कि ये सब लोग सतेंद्र की गैर मौजूदगी में उसके घर आते रहते है और उसकी पत्नी ज्योति को परिवार से अलग करने हेतु भड़काते है। पत्र में कहा गया है कि सतेंद्र का पुत्र उसके बड़े भाई रोहित कुमार के पास दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहा है। गत दिनों सतेंद्र के ससुराल पक्ष के लोग उसकी पत्नी व मोटरसाइकिल ये कहकर ले गए कि ज्योति को दिल्ली ले जाकर बेटे से मिला लाते है। सतेंद्र कुमार ने अपने भाई रोहित को दिल्ली फोन कर जानकारी ली तो पता लगा कि वे लोग वहां नही पहुंचे है। इसके बाद सतेंद्र ने अपने साले कपिल को फोन किया तो उसने धमकाते हुए कहा कि तू हमे पैसा नही देगा तो हम बहन से झूठा मुकदमा दर्ज कराकर तुझे फंसा देंगे। सतेंद्र कुमार ने पुलिस से उक्त शिकायती पत्र के आधार पर ससुराल पक्ष के लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई किये जाने की गुहार लगाई है।
उक्त मामले के सम्बंध में हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि डाक द्वारा भेजी गई तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ता को थाने बुलाया गया है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।