जिला मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने दो बाइक सवार फर्म कर्मियों को रौंद दिया। इस दुर्घटना में दोनों बाइक सवारों की मौत हो गयी। घटना से आक्रोशित लोगों ने मौके पर जाम लगा दिया। करीब चार घंटे जाम लगा तो अफसर और नेता सभी मौके पर पहुंच गए। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने और मुआवजा देने का ऐलान कर दिया गया है।
प्राप्त जानकरी के अनुसार ठाकुरद्वारा कोतवाली के गांव सुंदर नगर भीतखेड़ा का निवासी राकेश पुत्र लल्लन व सहसपुरी निवासी मनोज कुमार पुत्र खचेड़ू बाइक द्वारा काशीपुर पेपर मिल जा रहे थे। इसी दौरान काशीपुर रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर उनको कुचलते हुए निकल गया। आनन फानन मौके पर स्थानीय लोग एकत्र हो गए। आक्रोशित स्थानीय लोगो में घटना के विरोध में ढकिया कमालपुरी रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पूर्व सांसद सर्वेश सिंह मौके पर पहुंचे और दोषी के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। पूर्व सांसद ने इस रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने के लिए पीडब्लूडी के अफसरों से कहा कि इस काम को एक दिन में पूरा करवाएं। इस दौरान एसपी ग्रामीण, एसडीएम ठाकुरद्वारा परमानंद, सीओ अनूप कुमार पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया बुझाया।
एसपी ग्रामीण ने दोषी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया तब ग्रामीण माने। एसडीएम ने बताया कि कृषक दुर्घटना बीमा योजना में दोनों मृतक किसानों को पांच पांच लाख की आर्थिक सहायता मिलेगी इसके अलावा पारिवारिक लाभ योजना में तीस तीस हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। बांका वाला के रहने वाले आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। बमुश्किल साढ़े चार घंटे में जाम खुल सका।
