जनरल रावत के निधन पर ओडिशा विधानसभा में शोक - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, दिसंबर 09, 2021

जनरल रावत के निधन पर ओडिशा विधानसभा में शोक

भुवनेश्वर। तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मारे गये रक्षा प्रमुख (सीडीएस) जनरल बिपिन लक्ष्मण सिह रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य सैन्य कर्मियों की मौत पर ओडिशा विधानसभा में गुरुवार को शोक व्यक्त किया गया।

रक्षा प्रमुख नीलगिरी जिले के डिफेंस सर्विस स्टाफ कॉलेज वेलिग्टन में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे लेकिन भारतीय वायु सेना का हेलीकॉप्टर तमिलनाडु के कुन्नूर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

विधानसभा में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, विपक्ष के मुख्य सचेतक मोहन मांझी, कांग्रेस विधायक दल के नेता नरसिहा मिश्रा और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता लक्ष्मण मुंडा ने देश के पहले सीडीएस जनरल रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और अन्य के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

विधानसभा के सदस्यों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया, शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिये प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुये उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। और उन्होंने कहा कि रक्षा प्रमुख के निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुयी है। उन्हें राष्ट्र की उत्कृष्ट सेवा करने के लिये हमेशा याद किया जायेगा।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से सदन में पारित शोक संवेदनाओं से शोक संतप्त परिवारों को अवगत कराने का अनुरोध किया।

बाद में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिये सदन में एक मिनट का मौन धारण किया गया।

इसके बाद दिवंगत लोगों के सम्मान में विधानसभा अध्यक्ष एस एन पात्र ने सदन की कार्यवाही चार बजे तक के लिये स्थगित कर दी।