कल सोमवार की शाम रजपुरा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली से जा टकराई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि पीछे बैठी मृतक की बुआ गंभीर घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल सोमवार की शाम रजपुरा थाना क्षेत्र के गाँव उधरनपुर का निवासी राकेश आयु 19वर्ष अपनी बुआ गांव तारनपुर निवासी आनंदी पत्नी गजराज सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। बाइक सवार बुआ भतीजे कमालपुर गांव के समीपपहुँचे थे इसी दौरान सामने जा रही गन्ने लदी टैक्टर ट्रॉली से बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। इस भीषण हादसे में बाइक चला रहे राकेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर पीछे बैठी उसकी बुआ आनंदी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया गया कि आनंदी बीते एक माह से अपने मायके उधरनपुर गांव में ही रह रही थी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भाग गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया जबकि घायल महिला को रजपुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
| अभी तक पाठक संख्या |
