जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र के से हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ लंबे समय से टीबी की बीमारी और उससे उपजे मानसिक तनाव से जूझ रहे एक 53 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। अधेड़ का शव आज बुधवार सुबह पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव रघुनाथपुर निवासी छोटे सिंह आज बुधवार की सुबह अपने खेतों की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते मे एक पेड़ पर अधेड़ व्यक्ति का शव लटका देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने बिना देर किए तुरंत इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नहटौर कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। मृतक की शिनाख्त कलवा सिंह आयु 53 वर्ष निवासी गाँव बेगराजपुर के रूप में हुई।
मृतक के परिजनो ने बताया कि कलवा सिंह पिछले करीब 5-6 वर्षों से क्षय रोग (टीबी) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। लगातार इलाज के बावजूद सेहत में सुधार न होने और लंबी बीमारी के कारण वे गहरे मानसिक तनाव में आ गए थे। कल मंगलवार की शाम वह अचानक बिना बताए घर से कहीं चले गए थे। कलवा सिंह के देर रात तक वह वापस न आने पर परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने उन्हें हर संभावित जगह पर तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। आज बुधवार सुबह उनका शव मिलने सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे तीन बेटे और तीन शादीशुदा बेटियों समेत भरा-पूरा परिवार रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)