बरेली/उत्तर प्रदेश - सेंट्रल जेल से फरार हुआ उम्रकैद का बंदी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जून 26, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - सेंट्रल जेल से फरार हुआ उम्रकैद का बंदी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा

https://newsindia17.com/bareilly-central-jail-escaped-life-convict-captured-in-police-encounter

गत 22 जून को बरेली सेंट्रल जेल परिसर से फरार हुए बंदी को पुलिस ने आज शुक्रवार तड़के इज्जतनगर थाना क्षेत्र मे हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी खंडहर में छिपा था और फरार होने की फिराक में था। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गयी जबाबी कार्रवाई मे एक गोली आरोपी पैर में जा लगी और मौके पर ही गिर गया। पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल बंदी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया दिनेश कुमार जिला अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव नन्हेड़ा राजपूत का निवासी है। विशेष पॉक्सो न्यायालय ने गत 9 जनवरी 2026 को उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। दिनेश पहले बिजनौर जेल में बंद था, जहां से 19 अप्रैल 2026 को उसे बरेली सेंट्रल जेल स्थानांतरित किया गया था। गत 22 जून को जेल परिसर स्थित फार्म हाउस में काम करने के  दौरान दिनेश पानी पीने के बहाने ट्यूबवेल की आड़ लेते हुए खेतों के रास्ते करीब पांच फीट ऊंची जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया था। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया था।


मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजी जेल पी.सी. मीणा ने जांच के आदेश दिए थे। लापरवाही सामने आने पर सात अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों को निलंबित किया गया था। इसके साथ ही वरिष्ठ जेल अधीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई थी। फरार हुए बंदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों सहित संभावित ठिकानों पर चार अलग-अलग टीमें लगातार बंदी की तलाश कर रही थीं। जांच के दौरान जेल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दिनेश कुमार फार्म हाउस के पास नासिर नामक व्यक्ति से बातचीत करता दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस नासिर की गतिविधियों पर भी नजर रखे हुए थी।


पुलिस के मुताबिक कल 25 जून की रात इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम अपनी टीम के साथ नैनीताल हाईवे पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरार बंदी दिनेश एक खंडहर में छिपा हुआ है। पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी की। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे खुद को घिरा देख दिनेश ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जेल के फार्म हाउस में काम करने के दौरान उसकी पहचान नासिर नाम के व्यक्ति से हुई थी। फरार होने की योजना के तहत नासिर ने उसे अवैध तमंचा उपलब्ध कराया और जेल से भागने के बाद अपने घर में शरण भी दी। बाद में वह खंडहर में छिपा हुआ था, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अब नासिर की तलाश में भी जुटी हुई है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या