अमरोहा/उत्तर प्रदेश - बिजली कनेक्शन से वंचित दर्जनों परिवारो ने जेई व लाइनमैन पर लगाया अवैध वसूली का आरोप, डीएम को सौंपा शिकायती पत्र - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, जून 25, 2026

अमरोहा/उत्तर प्रदेश - बिजली कनेक्शन से वंचित दर्जनों परिवारो ने जेई व लाइनमैन पर लगाया अवैध वसूली का आरोप, डीएम को सौंपा शिकायती पत्र

newsindia17.com/amroha-bijli-connection-se-vanchit-parivaron-ne-je-lineman-par-avaidh-vasooli-ka-aarop-lagaya-dm-ko-saupa-shikayati-patra

अमरोहा नगर के एक मोहल्ला निवासी दर्जनों परिवारों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, जबकि आसपास के अधिकांश घरों में नियमित बिजली  कनेक्शन उपलब्ध हैं।


गुरुवार को जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र मे नगर के मोहल्ला चिओ निवासियो ने बताया कि वे करीब चार वर्षों से उक्त क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। उनके अनुसार कई बार प्रयास करने के बावजूद उनके घरों में अभी  बिजली नही पहुंच सकी है। इसके चलते उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


मोहल्लेवासियों का आरोप है कि वे एक व्यक्ति को प्रति माह 600 रूपये निर्धारित राशि देकर सीमित समय के लिए बिजली का उपयोग कर रहे थे। आरोप है कि कुछ समय पूर्व लाइनमैन और जेई ने ये राशि बढ़ाकर 1000 रूपये कर दी। इसके बावजूद भी उन्हें नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने अधिवक्ता की सलाह पर विधिवत ऑनलाइन आवेदन कर बिजली कनेक्शन के लिए आवश्यक दस्तावेज दाऊद सराय रोड बिजली घर में जमा कर दिए थे। इसके बावजूद भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही किसी घर में मीटर लगाया गया।


आरोप है क्षेत्र में बिजली न होने के कारण पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। भीषण गर्मी के बीच छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि बिजली और पानी की कमी के चलते कई बच्चे बीमार पड़ गए हैं, जिनमें एक नवजात शिशु भी शामिल है। प्रार्थना पत्र में कुछ विभागीय कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार, धमकी देने और झूठे मुकदमों में फंसाने की चेतावनी देने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। साथ ही आरोप लगाया गया है कि बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के नाम पर जेई द्वारा अब 1 लाख 30 हजार रूपये की मांग की जा रही है।


मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने व दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षेत्र के सभी पात्र परिवारों को शीघ्र बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या