जिला मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने उत्तर प्रदेश पुलिस मे सिपाही के पद पर तैनात अपने पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो पर दहेज उत्पीड़न व मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए है। पीड़िता ने इस मामले मे एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाये जाने की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किठौर थाना क्षेत्र निवासी मुस्कान ने आज गुरुवार को एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी दिसंबर 2023 में परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खजूरी निवासी फिरोज के साथ हुई थी। फिरोज उत्तर प्रदेश पुलिस ने सिपाही है तथा इस समय मेरठ मे नमो परियोजना मे तैनात है। बताया गया कि विवाह के दौरान परिवार की ओर से नकदी, वाहन, आभूषण और अन्य घरेलू सामान दिया गया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी गई। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से स्कॉर्पियो कार, 50 लाख रूपये नकद और प्लॉट की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया गया और कई बार मारपीट भी की गई। महिला का कहना है कि उसके पति ने भी परिवार के अन्य सदस्यों का साथ देते हुए उस पर दबाव बनाया।
एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में महिला ने अपने देवर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पति की अनुपस्थिति में देवर द्वारा उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता था तथा गलत संबंध बनाने का दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर उसे घर से बाहर निकालने व तलाक दिलाये जाने की धमकी दी जाती थी।
महिला ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने के दौरान उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात कराया गया। इसके बाद उसे बाँझ कहते हुए अपमानित किया तथा विभिन्न प्रकार की यातनाये दी गयी। पीड़िता का दावा है कि हालात इतने बिगड़ गए कि उसे ससुराल छोड़कर मायके में रहने को मजबूर होना पड़ा।
एसएसपी कार्यालय पहुंची महिला ने पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराने तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

