जिला बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक युवती के खिलाफ खुद को आईएएस अधिकारी बताकर शादी करने, लाखों रुपये के जेवर हड़पने, पति की हत्या के प्रयास और करोड़ों की संपत्ति तथा नकदी के लिए कथित रूप से दबाव बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के पचौमी गांव निवासी अभिषेक ने एसएसपी से की गयी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 7 फरवरी 2025 को बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र की रहने वाली साधना से हुई थी। शिकायत के अनुसार विवाह एक परिचित की मध्यस्थता से तय हुआ था। आरोप है कि शादी से पहले इस युवती नने स्वयं को आईएएस अधिकारी बताया था। युवती के परिजनों ने भी भरोसा दिलाया कि नियुक्ति का मामला न्यायालय में लंबित है तथा कुछ समय बाद ही उसकी नियुक्ति हो जाएगी। युवती के परिजनो ने आश्वासन दिया था कि नियुक्ति होने के बाद अभिषेक को भी सरकारी नौकरी दिलाने में मदद की जाएगी। इन्हीं दावों पर विश्वास कर परिवार ने विवाह के लिए सहमति दी।
शिकायत में बताया गया कि शादी के बाद युवती ने अपनी नियुक्ति से जुड़ी अदालती कार्रवाई का हवाला देकर सोने-चांदी के जेवरात और शादी में मिले अन्य कीमती सामान अपने कब्जे में ले लिए। आरोप है कि कुछ समय बाद युवती ने युवक के परिजनो पर जमीन बेचकर अस्पताल बनवाने का दबाव बनाया और विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
अभिषेक द्वारा दिए गए शिकायती पत्र मे बताया गया है कि मार्च 2026 में युवती ने उसका गला दबाकर हत्या करने का भी प्रयास किया, जिसके बाद उसने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी थी। शिकायत में यह दावा भी किया गया है कि गांव में हुई पंचायत के दौरान जेवर लेने की बात स्वीकार की गई थी। इसके अलावा महिला पर पहले भी अन्य लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए गए हैं।
मामले में फरीदपुर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

