कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर अब महानगरो से निकलकर छोटे शहरों, कस्बो व गांवो का रूख कर चुकी है। पिछले कुछ दिनों में जिला बिजनौर में भी संक्रमितों का आंकड़ा सैंकड़े को पार कर चुका है। कोरोना संक्रमण को रोकने हेतु एक ओर जहाँ सरकार लगातार टीकाकरण पर जोर दे रही है वही दूसरी ओर विभिन्न माध्यमो से लोगो को जागरूक करने का प्रयास भी अनवरत जारी है। संक्रमण को रोकने हेतु स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सार्वजनिक स्थानों व बैंक परिसर आदि में लगातार जांच कर रही है।
इसी क्रम में आज नहटौर की भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा की गई जांच के बाद दो बैंक कर्मचारी संक्रमित पाए गए। बैंक कर्मचारियों के संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अन्य कर्मचारियों व आसपास के अन्य लोगों की भी जांच की।
प्रभारी चिकित्साधिकारी नहटौर आशीष आर्य ने बताया कि विभाग की टीम सार्वजनिक स्थानों पर लगातार कोरोना जांच में लगी है। इसी क्रम में स्टेट बैंक शाखा के कर्मचारियों की भी सैंपलिंग की गयी थी। उन्होंने बताया कि आज संक्रमित मिले स्टेट बैंक के कर्मचारियों को आवश्यक दवाई व किट आदि उपलब्ध करा दी गयी है तथा आइसोलेट रहने के निर्देश दिए गए है। शाखा परिसर को नगर पालिका द्वारा सेनीटाइज़ कर फिलहाल बन्द कर दिया गया है।
