नहटौर/जिला बिजनौर - अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बलराम कुँवर विद्या मंदिर में गूंजा योग का संदेश, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, जून 21, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बलराम कुँवर विद्या मंदिर में गूंजा योग का संदेश, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

newsindia17.com/international-yoga-day-balram-kunwar-vidya-mandir-bijnor

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर के पैजनिया मार्ग स्थित बलराम कुँवर विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ योगाभ्यास के साथ हुआ, जिसमें प्रशिक्षकों एवं विद्यालय के शिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग सत्र के दौरान ताड़ासन, सिंह गर्जना, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी और सूर्य नमस्कार सहित कई महत्वपूर्ण योग क्रियाएं कराई गईं। विद्यालय परिसर में एक साथ सैकड़ों लोगों द्वारा किए गए योगाभ्यास ने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के सह-प्रभारी अनिल सूद रहे। उन्होंने योग करने वाले प्रतिभागियों को टी-शर्ट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर अपने संबोधन में अनिल सूद ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों से ऋषि-मुनियों द्वारा अपनाई गई यह परंपरा आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन का माध्यम बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज अनेक देश इसे अपने दैनिक जीवन में शामिल कर रहे हैं।


उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वस्थ और निरोग जीवन के लिए प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा से एक घंटा योग अवश्य करें। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों से दूर रहने और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया।


कार्यक्रम में विद्यालय के संरक्षक विवेक कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संदीप कुमार अग्रवाल, व्यवस्थापक सिद्धार्थ कुमार अग्रवाल, प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार शर्मा सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


योग दिवस के इस आयोजन ने न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और योग की महत्ता से भी जोड़ने का कार्य किया।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या