अमरोहा के आदमपुर में दादा से कुछ दूरी पर सो रहे कक्षा 10 के नाबालिग छात्र की गोली मारकर हत्या, पुलिस जाँच में जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, जनवरी 19, 2022

अमरोहा के आदमपुर में दादा से कुछ दूरी पर सो रहे कक्षा 10 के नाबालिग छात्र की गोली मारकर हत्या, पुलिस जाँच में जुटी


गत रात्रि जिला अमरोहा के आदमपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गयी। आज बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश से इंकार किया है। परिजनों ने अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।


कक्षा 10 की छात्र की हत्या का यह मामला जिला अमरोहा के आदमपुर थाना इलाके के गुरेठा गांव का है। गाँव निवासी रमाकांत शर्मा की तीन साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। रमाकांत अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ जिला संभल के गवां में रहकर मेडिकल चलाते थे। पिता की मौत के बाद दूसरे नंबर का 14 वर्षीय बेटा गणेशदत्त शर्मा गँवा का मेडिकल स्टोर संभाल रहा था और साथ ही कक्षा 10 की पढ़ाई भी कर रहा था। कल मंगलवार की शाम छात्र गणेशदत्त शर्मा अपने गांव गुरेठा आया था। गणेशदत्त रात को पशुशाला के पास टीनशेड में पड़ी चारपाई पर सो रहा था। उसके दादा महेंद्र प्रसाद पास के कमरे में सो रहे थे। इसी बीच रात्रि में किसी समय अज्ञात लोगों ने सीने में गोली मारकर गणेशदत्त शर्मा की हत्या कर दी। परिजनों को घटना की जानकारी आज बुधवार की सुबह हुई। इसके बाद परिजनों में चीखपुकार मच गई। थोड़ी देर में ग्रामीणों में भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल पर जांच पड़ताल की गई। एएसपी चंद्रप्रकाश शुक्ला और सीओ सतीश कुमार पांडेय ने मुआयना किया।


मौके पर पहुँची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के उपरांत शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। परिजनों ने किसी भी तरह की रंजिश से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस घटना की बारीकी से जांच पड़ताल कर रही है। छात्र की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सीओ सतीश चंद्र पांडेय ने बताया कि घटना की बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

web counter
अभी तक पाठक संख्या