नवरात्र व रमजान के मौके पर थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु आज थाना प्रांगण में शांति समिति की एक सभा प्रभारी निरीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। सभा मे नगर के गणमान्यों सहित नगर पालिका कर्मचारी आदि उपस्थित रहे। सभा मे उपस्थित रहे हिन्दू व मुस्लिम धर्म के गणमान्यों ने अपने सुझाव दिए।
नहटौर थाना प्रांगण आज शुक्रवार की शाम नवरात्र व रमजान को दृष्टिगत रखते हुए शांति समिति की एक सभा आयोजित की गई। सभा मे हिन्दू व मुस्लिम धर्मो के गणमान्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने सभी से शांति व कानून व्यवस्था बनाये रखने की अपील करते हुए कहा कि ये आपका शहर है और शान्ति व कानून व्यवस्था बनाये रखना किसी भी क्षेत्र के निवासियों पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन हमेशा आपकी सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने सभी को निर्देशित करते हुए कहा कि त्यौहार आपसी भाई चारे को बढ़ावा देते है मगर कुछ असामाजिक तत्व रंग में भंग डालने का प्रयास करते है और ये आप पर निर्भर करता है कि आप किसी भी अफवाह पर ध्यान न देते हुए सच को का प्रयास करते है, पुलिस को सूचित करते है अथवा स्वयं ही उस अफवाह को फैलाते हुए शांति व कानून व्यवस्था को भंग करते है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था भंग करने वालो को बख्शा नही जाएगा और कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लायी जाएगी। सभा मे उपस्थित रहे भाजपा मंडलाध्यक्ष सिद्धान्त जैन ने कहा कि नगर में शांति व्यवस्था बनी रहे इस हेतु सभी का सहयोग अपेक्षित है और मुख्य रूप से त्यौहार के दौरान हमे किसी भी स्थिति में नगर के वातावरण को खराब होने से बचाने हेतु अपने स्तर से प्रयासरत रहना चाहिए व आपसी सौहार्द व भाईचारा बनाये रखना चाहिए। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के नगराध्यक्ष कपिल शर्मा ने कहा कि नहटौर नगर में हमेशा से सभी धर्मों के त्यौहार आपसी मेलजोल व प्रेम के साथ मनाए जाते रहे है और भविष्य में भी हमे इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए एक मिसाल कायम करनी है। उन्होंने कहा कि नवरात्र जहां शक्ति की उपासना का पर्व है वही रमजान का इबादत का महीना है। इस दौरान पुलिस व प्रशासन भी हमारी सुरक्षा व सेवा के लिए अपने स्तर से भरसक प्रयास करता है और ये हमारा भी दायित्व है कि हमे भी किसी विवाद को बढ़ावा न देते हुए प्रशासन व पुलिस की सहायता करनी चाहिए ताकि नगर ही नही थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। न्यूज इंडिया 17 के मुख्य संपादक संजय कुमार शर्मा ने आगामी त्यौहारो पर नगर के मंदिरों, मस्जिदों व सार्वजनिक स्थानों पर सफाई हेतु नगर पालिका को विशेष प्रबंध कराने का सुझाव दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से त्यौहारों के दौरान नगर की सड़कों पर तेज गति से दोपहिया वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो।
सभा मे उपस्थित रहे नगर पालिका सभासद सुभाष सैनी ने भी कल से शरू हो रहे नवरात्र के चलते चामुंडा मंदिर सहित नगर के विभिन्न मंदिरों पर महिला कॉन्स्टेबल तैनात किए जाने की अपील की। उन्होंने बताया कि अष्टमी पर एक भव्य शोभा यात्रा भी निकाली जाती है इस दौरान शोभा यात्रा के मार्ग पर भी पुलिसबल तैनात रहे। हाजी गुलाम साबिर व पत्रकार सलीम सिद्दीकी ने कहा कि नवरात्र के दौरान शाम के समय मन्दिरो में तेज आवाज में भजन बजाए जाते है और कुछ मंदिर मुस्लिम आबादी के क्षेत्र से लगे हुए है ऐसे में शाम की नमाज आदि में दिक्कत होती है अतः रोजा अफ्तारी व अजान के समय कुछ देर के लिए लाउडस्पीकर की आवाज कम कर दी जाए ताकि रोजेदार भी इबादत कर सके। प्रभारी निरीक्षक में इस सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश दिए।
सभा के अंत मे प्रभारी निरीक्षक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए एक बार पुनः त्यौहारों पर शांति व कानून व्यवस्था बनाये रखने व कुछ भी अप्रिय घटित होने पर पुलिस को तत्काल सूचित करने हेतु निर्देशित किया। सभा मे उक्त के अतिरिक्त मुख्य रूप से उपनिरीक्षक कुमार, योगेंद्र सिंह, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अंकुश अग्रवाल, हाजी आफाक, बहाव कुरैशी, जहांगीर जैदी, इमरान मंसूरी, युसूफ खान, मसरूर अहमद फारूकी, मोहित शर्मा, कमल सैनी, नगर पालिका की ओर से हर्ष जैन व सफाई प्रभारी गजेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
| अभी तक पाठक संख्या |