रामपुर शहर में एक हिन्दू युवक का धर्म परिवर्तन कराये जाने का मामला प्रकाश में आया है। बताया गया कि ये युवक पिछले लम्बे समय से नमाज पढ़ रहा है और रोजा भी रख रहा है। इस मामले में कल गुरूवार को पुलिस ने युवक की माँ की शिकायत के आधार पर दो लोगो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। आज पुलिस ने दोनों लोगो को गिरफ्तार कर लिया है व उनसे पूछताछ कर रही है।
धर्म परिवर्तन का ये मामला रामपुर शहर कोतवाली क्षेत्र का है। कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला नालापार स्थित कुम्हारो वाली गली के निवासी लेखराज की पत्नी गंगादेई ने कल गुरूवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर इस सम्बन्ध में शिकायती पत्र दिया था। गंगादेई का कहना था कि उसका इकलौता पुत्र गुलाब सिंह कारचोब का काम करता है तथा उसे कुछ लोग धर्म परिवर्तन के लिए उकसा रहे है। गंगादेई का कहना था कि उसका पुत्र अब नमाज पढ़ने लगा है व रोजा भी रख रहा है। बताया गया कि गुलाब सिंह अब मुस्लिम धर्म के बारे में ही बात करता है। शिकायती पत्र में वाल्मीकि बस्ती निवासी गुलवेज व नदीम पर आरोप लगाते हुए कहा गया था कि खुद को मौलवी बताने वाले इन दोनों लोगो ने गुलाब सिंह का धर्म परिवर्तन करा दिया है। पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में गंगादेई ने उसके पुत्र को बहकाने वालो के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की माँग की थी।
गंगादेई की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इस मामले में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज दिया गया था। एएसपी डा0 संसार सिंह ने बताया कि उक्त मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था तथा आज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस गिरफ्तार किये गए आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |