जिला बिजनौर की नहटौर थाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए अभियुक्तो ने विवाह स्थल से कीमती डीजे व अन्य सामान चोरी किया था। डीजे संचालक द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी थी।
ग्राम अकबरपुर देवमल निवासी सुशील कुमार शर्मा ने कल मंगलवार को दी गयी तहरीर मे उक्त घटना की जानकारी दी थी। तहरीर मे बताया गया था कि ये घटना आरएस गार्डन से जुड़ी हुई है। यहाँ मैरिज हाल के पास खड़े जनरेटर से कीमती तार व डीजे का सामान अज्ञात चोरो ने पार कर दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की गहनता से जाँच शुरू कर दी थी।
नहटौर पुलिस ने सक्रियता का परिचय देते हुए उक्त मामले मे वांछित दो आरोपियो को आज बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन सिंह पुत्र कलुआ सिंह निवासी भागीतोज, थाना कांठ जिला मुरादाबाद और अमीर हसन पुत्र जमील हसन निवासी लामीखेड़ा, थाना टांडा जिला, रामपुर के रूप में हुई है।
प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के चोर हैं, जो काफी समय से वांछित चल रहे थे। पुलिस ने इनके पास से चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आवश्यक कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

